इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) भारत के विकास को नई दिशा दे रहे हैं। ये न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक हैं, बल्कि रोजगार सृजन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यह बात केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने रविवार को भारत मंडपम में आयोजित ‘ईवी एक्सपो’ में भाग लेते हुए कही।
डॉ. सिंह ने भारतीय ईवी कंपनियों की बढ़ती क्षमता की सराहना की
डॉ. सिंह ने प्रदर्शनी में लगे विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और इस क्षेत्र में भारतीय ईवी कंपनियों की बढ़ती क्षमता की सराहना की। उन्होंने इसे भारत के स्वच्छ, हरित और टिकाऊ भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। मीडिया से बातचीत में डॉ. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुरू से ही पर्यावरण संरक्षण और ई-मोबिलिटी के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया है।
इलेक्ट्रिक मोबिलिटी भी वैश्विक स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन से है जुड़ी
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत न केवल वैश्विक नवाचारों का लाभ उठा रहा है, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा और टिकाऊ परिवहन के क्षेत्र में सक्रिय भागीदार के रूप में भी उभर रहा है। उन्होंने स्वच्छ ऊर्जा के इकोसिस्टम में हो रहे सुधारों का उल्लेख करते हुए हाल ही में पारित शांति विधेयक, 2025 का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि इस विधेयक का उद्देश्य परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में निजी भागीदारी को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक मोबिलिटी भी वैश्विक स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन से जुड़ी हुई है और यह भारत के विकास तथा पर्यावरणीय लक्ष्यों को हासिल करने में सहायक है।
पारंपरिक वाहनों की तुलना में इलेक्ट्रिक वाहन चलाना अपेक्षाकृत आसान
जितेंद्र सिंह ने कहा कि पारंपरिक वाहनों की तुलना में इलेक्ट्रिक वाहन चलाना अपेक्षाकृत आसान है और इनमें कम शारीरिक श्रम की आवश्यकता होती है। उन्होंने बताया कि ईवी का उपयोग अब एंबुलेंस, ई-रिक्शा, यात्री वाहनों और व्यावसायिक परिवहन में तेजी से बढ़ रहा है, जिससे यह विभिन्न प्रकार की परिवहन आवश्यकताओं को पूरा कर रहे हैं।
विकसित इकोसिस्टम ने दिया युवाओं को कम निवेश में ईवी से जुड़े व्यवसाय शुरू करने का अवसर
डॉ. सिंह ने कहा, “इलेक्ट्रिक मोबिलिटी केवल परिवहन, पर्यावरण और स्वच्छ ऊर्जा के दृष्टिकोण से ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि यह उद्यमिता, रोजगार और आजीविका का एक नया केंद्र बनकर उभर रही है, विशेषकर युवाओं के लिए। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित इकोसिस्टम ने युवाओं को कम निवेश में ईवी से जुड़े व्यवसाय शुरू करने के अवसर प्रदान किए हैं। सरकार की तकनीकी और वित्तीय सहायता से इन व्यवसायों को तेजी से आगे बढ़ाने में मदद मिल रही है।”
केंद्रीय मंत्री ने ईवी क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों के प्रति युवाओं को अधिक जागरूक करने की आवश्यकता पर दिया जोर
केंद्रीय मंत्री ने ईवी क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों के प्रति युवाओं को अधिक जागरूक करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक मोबिलिटी नवाचार, आत्मनिर्भरता और टिकाऊ विकास की दिशा में एक प्रेरणादायक मार्ग सिद्ध हो सकती है। (इनपुट-आईएएनएस)


