सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने विशेष अभियान 6.0 के तहत सरकारी रिकॉर्ड के व्यवस्थित रखरखाव और प्रबंधन को लेकर एक व्याख्यान आयोजित किया। मंत्रालय के संवाद सम्मेलन कक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता को संस्थागत रूप देना और लंबित मामलों की संख्या कम करना है।
कार्यक्रम में सचिवालय प्रशिक्षण एवं प्रबंधन संस्थान (आईएसटीएम) के पूर्व संकाय सदस्य पी. के. जायसवाल ने व्याख्यान दिया। मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, सत्र में अधिकारियों को सरकारी दस्तावेजों के व्यवस्थित रखरखाव, उनके उचित संरक्षण, फाइलों की समय पर समीक्षा और रिकॉर्ड सुरक्षित रखने तथा अनुपयोगी दस्तावेजों को हटाने की निर्धारित प्रक्रियाओं के पालन के महत्व से अवगत कराया गया।
व्याख्यान के दौरान प्रतिभागियों को सार्वजनिक अभिलेख अधिनियम, रिकॉर्ड संरक्षण की समय-सारणी, अभिलेखों के वर्गीकरण और उनके संरक्षण व निपटान से जुड़े विभागीय निर्देशों की जानकारी दी गई। इसमें सरकारी दस्तावेजों के प्रभावी प्रबंधन के लिए व्यवस्थित रिकॉर्ड रखने और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करने पर जोर दिया गया।
अधिकारी ने बताया कि रिकॉर्ड प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था से कार्यालय में उपलब्ध जगह का अधिक प्रभावी उपयोग किया जा सकता है और जरूरत पड़ने पर सरकारी जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सकती है। इससे प्रशासनिक कार्यक्षमता में भी सुधार होता है। उन्होंने कहा कि कागजी और डिजिटल, दोनों तरह के रिकॉर्ड का उचित प्रबंधन सरकारी कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के साथ समय पर निर्णय लेने में मदद करता है।
यह व्याख्यान विशेष अभियान 6.0 के तहत विभाग की ओर से की जा रही पहलों का हिस्सा है। इस अभियान का उद्देश्य कार्यालय परिसरों में स्वच्छता बढ़ाना, रिकॉर्ड कक्षों को व्यवस्थित करना, लंबित मामलों को कम करना और कार्यालय प्रबंधन की प्रभावी कार्यप्रणाली को नियमित व्यवस्था का हिस्सा बनाना है।
विभाग के अनुसार, ऐसी पहलों के माध्यम से स्वच्छ, व्यवस्थित और जवाबदेह कार्य वातावरण विकसित करने के साथ प्रशासनिक दक्षता को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
-(इनपुटः पीआईबी)


