भारत-लक्जमबर्ग संबंधों को नई गति देने पर जोर, विदेश मंत्री जयशंकर ने राष्ट्राध्यक्ष ग्रैंड ड्यूक गुइलौम से की मुलाकात

भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर इन दिनों लक्जमबर्ग के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने मंगलवार को लक्जमबर्ग के राष्ट्राध्यक्ष ग्रैंड ड्यूक गुइलौम से मुलाकात की। विदेश मंत्री ने इस भेंट की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की।

भारत-लक्जमबर्ग द्विपक्षीय साझेदारी को और प्रगाढ़ बनाने की सराहना

जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि लक्जमबर्ग के राष्ट्राध्यक्ष ग्रैंड ड्यूक गुइलौम से मुलाकात करना उनके लिए सम्मान की बात रही। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं। विदेश मंत्री ने भारत के प्रति ग्रैंड ड्यूक की सकारात्मक भावनाओं और भारत-लक्जमबर्ग द्विपक्षीय साझेदारी को और प्रगाढ़ बनाने के उनके दृष्टिकोण की सराहना की।

चर्चा से दोनों देशों को लाभ

इससे पहले, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि भारत और लक्जमबर्ग फिनटेक, अंतरिक्ष, डिजिटल क्षेत्र और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसे उभरते क्षेत्रों में और अधिक प्रोडक्टिव तरीके से सहयोग कर सकते हैं। लक्जमबर्ग के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री जेवियर बेटेल के साथ बैठक के दौरान जयशंकर ने विश्वास जताया कि इन विषयों पर हुई चर्चा से दोनों देशों को लाभ होगा।

पहले से कहीं ज्यादा प्रभावी ढंग से मिलकर काम कर सकते हैं

विदेश मंत्री ने कहा, “मैं देख सकता था कि यहां हमारा एक बहुत सक्रिय भारतीय समुदाय है। इसके अलावा, हमारे बीच एक मजबूत व्यापारिक संबंध भी है। लेकिन फिनटेक, स्पेस, पूरी डिजिटल दुनिया और एआई जैसे कई ऐसे अहम क्षेत्र हैं, जहां हम पहले से कहीं ज्यादा प्रभावी ढंग से मिलकर काम कर सकते हैं।”

जयशंकर ने लक्जमबर्ग में गर्मजोशी से स्वागत के लिए जेवियर बेटेल का जताया आभार 

उन्होंने आगे कहा कि मौजूदा वैश्विक हालात भी खासे दिलचस्प हैं और इन पर खुली चर्चा से दोनों देशों को फायदा होगा। जयशंकर ने लक्जमबर्ग में गर्मजोशी से स्वागत के लिए जेवियर बेटेल का आभार जताया और द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने में उनके व्यक्तिगत समर्थन और सहयोग को भी रेखांकित किया। (इनपुट: आईएएनएस)