यूपी में हर जनपद में बनेगा एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन, सीएम योगी के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में औद्योगिक विकास को रोजगार से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर घोषित ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ के लिए सभी जनपदों में उपयुक्त भूमि शीघ्र चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं।

औद्योगिक नीति का लक्ष्य: एक ही परिसर में कौशल, रोजगार और उद्यमिता

सोमवार को इस संबंध में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की औद्योगिक नीति का उद्देश्य ऐसा सक्षम वातावरण तैयार करना है, जहां युवाओं को कौशल विकास, रोजगार और उद्यमिता के अवसर एक ही परिसर में सुलभ हों। उन्होंने निर्देश दिए कि इस महत्वाकांक्षी योजना को स्थानीय आवश्यकताओं और क्षेत्रीय संभावनाओं के अनुरूप प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।

उद्योग और रोजगार से जुड़े विभागों का होगा एकीकरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जोन उद्योग, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार और उद्योग-सहायता से जुड़े विभागों व सुविधाओं को एकीकृत रूप से उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

एमएसएमई और नवाचार को मिलेगा बढ़ावा

उन्होंने एमएसएमई, सेवा आधारित उद्योगों और नवाचार से जुड़े क्षेत्रों को प्रोत्साहित करने के लिए प्लग-एंड-प्ले यूनिट और फ्लैटेड फैक्ट्री जैसी आधुनिक सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया, ताकि उद्यमियों को शुरुआत से ही आवश्यक अवसंरचना उपलब्ध हो सके।

कॉमन फैसिलिटी और प्रशिक्षण की होगी व्यापक व्यवस्था

बैठक में अवगत कराया गया कि योजना के तहत कॉमन फैसिलिटी सेंटर, टेस्टिंग फैसिलिटी, डिस्प्ले एवं डिजाइन सेंटर, टूल रूम, ईटीपी/सीईटीपी, प्लग-एंड-प्ले यूनिट और फ्लैटेड फैक्ट्री विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही युवाओं के कौशल उन्नयन के लिए उद्यमिता प्रशिक्षण, मेंटरिंग, विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी और हैंडहोल्डिंग की व्यवस्था भी इसी परिसर से की जाएगी।

हर जनपद में न्यूनतम 50 एकड़ में जोन विकसित करने का प्रस्ताव

बैठक में यह भी बताया गया कि योजना को चरणबद्ध रूप से प्रदेश के सभी जनपदों में लागू किया जाएगा। प्रत्येक जनपद में न्यूनतम 50 एकड़ क्षेत्रफल में एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन विकसित किए जाएंगे। प्रस्तावित जोन में औद्योगिक क्षेत्र, फ्लैटेड फैक्ट्री, वाणिज्यिक क्षेत्र, सड़क, कॉमन फैसिलिटी, सर्विस सेक्टर, ग्रीन एरिया और कार्यालय स्पेस का संतुलित लेआउट तैयार किया गया है।

एम्प्लॉयमेंट एंड स्किल डेवलपमेंट सेंटर भी होगा स्थापित

इसके साथ ही ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड स्किल डेवलपमेंट सेंटर’ की स्थापना भी प्रस्तावित है, जिसमें प्रशिक्षण हॉल, कॉन्फ्रेंस रूम, एक्सटेंशन काउंटर और उद्योग-सहायता से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इंटर्नशिप और अप्रेंटिसशिप से जुड़ेगा उद्योग

बैठक में यह जानकारी भी दी गई कि ऑपरेशनल मॉडल के तहत स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रशिक्षण, कौशल विकास, इंटर्नशिप, अप्रेंटिसशिप और संबंधित उद्योगों में वेतन आधारित रोजगार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

रोजगार सृजन का सशक्त मॉडल बनेगा जोन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार, कौशल और उद्यमिता का एक सशक्त केंद्र बनेगा। उन्होंने संभावित स्थलों की शीघ्र पहचान कर परियोजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि यह पहल औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन का प्रभावी मॉडल बन सके। (इनपुट: आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

8 mins ago | Israel

इजरायल में नई सरकार के गठन के बाद भी भारत के रिश्ते पहले जैसे ही मजबूत रहेंगे: विदेश मंत्रालय

विदेश मंत्रालय (एमईए) ने मंगलवार को इजरायल में नई सरकार के गठन और भारत के साथ र‍िश्‍ते पर बात की। ...

36 mins ago | President Droupadi Murmu

भारतीय पुलिस सेवा के परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की

भारतीय पुलिस सेवा 78 आरआर (2025 बैच) के परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने आज मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में ...