प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को भारत मंडपम में आयोजित भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट के उद्घाटन के दौरान टीम यूरोप पवेलियन पहुंचे। इस दौरान यूरोपीय संघ (ईयू) के राजदूत जीन-एरिक पाक्वेट ने उनकी मौजूदगी पर खुशी जताई और भारत-ईयू स्वच्छ ऊर्जा साझेदारी की सराहना की।

ईयू राजदूत ने एक्स पर शेयर की तस्वीरें और क्लिप

राजदूत जीन-एरिक पाक्वेट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीरें और एक क्लिप पोस्ट करते हुए लिखा, “भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट के साथ साझेदारी करना खुशी की बात है।”  उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के उस संदेश का जिक्र किया जिसमें नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में नवाचार और साहसिक विचारों की जरूरत पर जोर दिया गया था। पाक्वेट ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ की स्वच्छ ऊर्जा एवं जलवायु साझेदारी ठीक इसी दिशा में काम कर रही है। प्रधानमंत्री का टीम यूरोप पवेलियन पहुंचना उनके लिए सम्मान की बात रही।

https://x.com/EUAmbIndia/status/2117539715784339789?a=AD4z55l4x9eMTRj6vK0&s=20

समिट का मकसद: निवेश, नवाचार और वैश्विक सहयोग

भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो का आयोजन 2 से 5 नवंबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में हो रहा है। इसमें दुनिया भर के प्रतिनिधि, ऊर्जा कंपनियां, निवेशक और तकनीकी विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं। समिट का उद्देश्य नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में निवेश बढ़ाने, नई तकनीकों को बढ़ावा देने और अंतरराष्ट्रीय सहयोग मजबूत करना है।

2016 से चल रही है भारत-ईयू साझेदारी

भारत और यूरोपीय संघ के बीच स्वच्छ ऊर्जा एवं जलवायु साझेदारी की शुरुआत 2016 में हुई थी। इसके तहत नवीकरणीय ऊर्जा, ऊर्जा दक्षता, स्मार्ट ग्रिड, हरित हाइड्रोजन और स्वच्छ ऊर्जा तकनीकों जैसे क्षेत्रों में सहयोग हो रहा है। यह साझेदारी दोनों पक्षों के लिए महत्वपूर्ण है। भारत अपनी बढ़ती ऊर्जा मांग को स्वच्छ और टिकाऊ स्रोतों से पूरा करना चाहता है, जबकि यूरोपीय संघ भारत को बड़े बाजार और तकनीक सहयोग के अहम भागीदार के रूप में देखता है। दोनों पक्षों के बीच यह सहयोग आने वाले समय में स्वच्छ ऊर्जा निवेश, तकनीकी आदान-प्रदान और जलवायु लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में नई गति दे सकता है। (इनपुट-एजेंसी)