दिल्ली-एनसीआर में मानसून की विदाई: बारिश थमने के बाद तापमान चढ़ा, अगले पांच दिनों तक साफ आसमान

दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से चल रहा बारिश का सिलसिला अब पूरी तरह थम चुका है। मानसून की विदाई के साथ आसमान साफ हो गया है और मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में क्षेत्र में बारिश की कोई संभावना नहीं है। ठंडक और नमी के बाद अब दिन का तापमान तेजी से बढ़ने लगा है।

1 से 6 अक्टूबर तक का तापमान पूर्वानुमान

1 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता 80 से 60 प्रतिशत के बीच रही। 2 और 3 अक्टूबर को तापमान में हल्की गिरावट संभावित है। इन दिनों अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 4 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 23 डिग्री और 5 अक्टूबर को 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दोनों दिनों अधिकतम तापमान 34 डिग्री के आसपास रहेगा।  6 अक्टूबर को मौसम में हल्का बदलाव दिख सकता है। आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है। इस दिन अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वायु गुणवत्ता साफ आसमान और हवा की रफ्तार धीमी पड़ने से दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता पर असर पड़ने लगा है। AQI अब मध्यम (येलो) श्रेणी से खराब (ऑरेंज) जोन की तरफ बढ़ रहा है।

दिल्ली के प्रमुख इलाकों का हाल:

कैंटोनमेंट एरिया में सबसे बेहतर स्थिति है, जहां AQI 105 (मध्यम) दर्ज किया गया। अशोक विहार (128), आया नगर (137), बुराड़ी क्रॉसिंग (158), चांदनी चौक (171) और डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज (171) में हवा मध्यम श्रेणी में है। कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (181), सीआरआरआई मथुरा रोड (199) और बवाना (200) में AQI खराब श्रेणी को छू रहा है।

नोएडा और गाजियाबाद की स्थिति:
नोएडा के सेक्टर-125 में AQI 235 (खराब) पहुंच गया, जो शहर में सबसे अधिक है। सेक्टर-116 (188), सेक्टर-1 (185) और सेक्टर-62 (165) में भी हवा मध्यम से खराब की ओर बढ़ रही है।  गाजियाबाद में प्रदूषण का स्तर और ज्यादा है। लोनी में AQI 229 (खराब) दर्ज किया गया। वसुंधरा (199), संजय नगर (184) और इंदिरापुरम (154) में भी प्रदूषण ऊंचा है। हालांकि गोविंदपुरम में AQI 53 (संतोषजनक) रहना राहत की बात है।

आगे कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक बारिश की कोई उम्मीद नहीं है और आसमान साफ रहेगा। तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी जारी रहेगी। बारिश न होने और हवाओं की गति कम रहने से वायु गुणवत्ता में और गिरावट आने की आशंका है। (इनपुट-एजेंसी)