विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन, परमाणु ऊर्जा एवं अंतरिक्ष राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने विज्ञान मंत्रालयों और विभागों के साथ विशेष अभियान 6.0 की तैयारियों, कार्यान्वयन और समयसीमा की समीक्षा की। विज्ञान मंत्रालयों और विभागों ने अभियान के तहत 1,500 स्वच्छता अभियान स्थलों का लक्ष्य निर्धारित किया है, जबकि पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय 100 स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाएगा।
स्वच्छता और संसाधनों के बेहतर उपयोग पर जोर
विशेष अभियान 6.0 का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता के प्रत्यक्ष परिणाम हासिल करना, उपलब्ध कार्यालयी स्थान का अधिकतम उपयोग करना, अनुपयोगी सामग्री का व्यवस्थित निपटान और सरकारी संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है। अभियान के तहत सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता, रिकॉर्ड प्रबंधन और लंबित मामलों को कम करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
ई-कचरे के संग्रह और वैज्ञानिक निपटान पर फोकस
अभियान में ई-कचरे के प्रभावी संग्रह, पृथक्करण और निपटान को प्रमुखता दी गई है। समीक्षा के दौरान ई-कचरे के पुनर्चक्रण और बेकार इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से मूल्य सृजित करने के लिए वैज्ञानिक एवं तकनीकी क्षमताओं का उपयोग करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। इसके तहत ई-कचरे की व्यवस्थित पहचान और वस्तु-वार रिपोर्टिंग की जाएगी। इसके निपटान के लिए उत्पादकों, पुनर्चक्रणकर्ताओं और मरम्मतकर्ताओं सहित उपयुक्त माध्यमों का इस्तेमाल किया जाएगा।
अप्रचलित उपकरणों के वास्तविक निपटान पर जोर
विशेष अभियान 6.0 के तहत अप्रचलित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के वास्तविक निपटान को भी महत्व दिया जाएगा। इसका उद्देश्य ई-कचरे का उचित निपटान और पुनर्चक्रण सुनिश्चित करना है, ताकि अनुपयोगी उपकरणों को लंबे समय तक कार्यालयों में रखने के बजाय वैज्ञानिक और पर्यावरण अनुकूल तरीके से उनका निस्तारण किया जा सके।
2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
विशेष अभियान 6.0 का सितंबर में तैयारी चरण पूरा होने के बाद 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर, 2026 तक कार्यान्वयन किया जाएगा। प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) एक साझा डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में अभियान के लक्ष्यों तथा प्रगति की निगरानी कर रहा है। अभियान की प्रगति को पोर्टल पर भी लगातार अपडेट किया जा रहा है।
समयसीमा में बेहतर परिणाम हासिल करने के निर्देश
डॉ. जितेंद्र सिंह ने अभियान की गति बनाए रखने और निर्धारित समयसीमा का पालन करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि विशेष अभियान 6.0 के तहत किए जा रहे प्रयासों से ठोस और बेहतर परिणाम हासिल हों।
2 अक्टूबर को अभियान में शामिल होंगे डॉ. जितेंद्र सिंह
जितेंद्र सिंह 2 अक्टूबर को स्वच्छता अभियान में शामिल होंगे। इस दौरान स्वच्छता, ई-कचरे का पृथक्करण और वैज्ञानिक निपटान, पुरानी फाइलों को नष्ट करना, कार्यालयी स्थान का अधिकतम उपयोग, बेहतर रिकॉर्ड प्रबंधन और सरकारी कार्यालयों में लंबित मामलों को कम करने जैसे विषयों पर जोर दिया जाएगा।
बजटीय व्यय की भी हुई समीक्षा
समीक्षा बैठक के दौरान डॉ. जितेंद्र सिंह ने बजटीय व्यय की भी समीक्षा की। डीएसआईआर और पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय ने 30 सितंबर तक निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप लगभग 50% व्यय पूरा कर लिया था। डॉ. जितेंद्र सिंह ने 50% लक्ष्य हासिल करने के लिए दोनों संगठनों की सराहना की। उन्होंने अभियान की निर्धारित समयसीमा के अनुरूप निरंतर प्रगति सुनिश्चित करने के लिए व्यय और कार्यान्वयन की तिमाहीवार स्थिति की समीक्षा भी की।
वरिष्ठ अधिकारी और नोडल अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के सचिव प्रोफेसर उमेश वी. वाघमारे, वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान विभाग (डीएसआईआर) की सचिव और सीएसआईआर की महानिदेशक डॉ. एन. कलैसेल्वी, जैव प्रौद्योगिकी विभाग (डीबीटी) के सचिव डॉ. राजेश एस. गोखले तथा प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) की सचिव निवेदिता शुक्ला वर्मा मौजूद रहीं। इनके अलावा संबंधित मंत्रालयों और विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा नोडल अधिकारी भी समीक्षा बैठक में शामिल हुए। (इनपुट: पीआईबी)


