भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाकात पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एनडीए की बिहार में सरकार बनने के बाद नीतीश कुमार पहली बार दिल्ली आए और प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि यह मुलाकात काफी सकारात्मक रही।
प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी हिट साबित हुई है
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि केंद्र सरकार का खजाना बिहार के लिए खुला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी हिट साबित हुई है। शपथग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी शामिल हुए थे और शपथ लेने के बाद नीतीश कुमार पहली बार दिल्ली आए। दोनों नेताओं के बीच बेहद अच्छी और सार्थक बातचीत हुई है। उन्होंने कहा कि बिहार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
टीएमसी कर रही है ध्रुवीकरण की राजनीति
टीएमसी से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर द्वारा नई पार्टी बनाए जाने के सवाल पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि हुमायूं कबीर टीएमसी के एजेंट हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ने जानबूझकर उनसे नई पार्टी बनवाई है, ताकि ध्रुवीकरण हो और ममता से नाराज मुस्लिम वोटर विपक्ष के पास न जाकर बंट जाएं। उन्होंने कहा कि यह पूरी स्क्रिप्ट ममता बनर्जी द्वारा लिखी गई है। टीएमसी ध्रुवीकरण की राजनीति कर रही है और वोट बैंक की चाल चल रही है, जिसका जवाब बंगाल की जनता देगी।
पश्चिम बंगाल में सभी मर्यादाएं टूटती जा रही हैं
बंगाली गायिका के विरोध के मुद्दे पर शाहनवाज हुसैन ने कहा कि पश्चिम बंगाल में सभी मर्यादाएं टूटती जा रही हैं। कलाकारों को प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूजा करने या ‘श्री राम’ बोलने पर ममता बनर्जी नाराज हो जाती हैं और अब गायन को लेकर भी राजनीति की जा रही है।
बिहार से चली राजनीतिक सुनामी महाराष्ट्र तक पहुंची
महाराष्ट्र के निकाय चुनावों पर टिप्पणी करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि विपक्ष नाम की कोई चीज बचती नहीं दिख रही है। उन्होंने कहा कि बिहार से चली राजनीतिक सुनामी महाराष्ट्र तक पहुंच गई है। भाजपा ने वहां बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उन्होंने यह भी कहा कि अरुणाचल प्रदेश में भाजपा ने जीत दर्ज की है और गोवा में भी पार्टी आगे चल रही है। जहां-जहां चुनाव होंगे, वहां भाजपा की जीत होगी।
मुस्लिम होने का चोला पहनकर ये लोग बने हुए हैं इंसानियत के दुश्मन
बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के मुद्दे पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि वहां जिहादियों की हरकतों की पूरी दुनिया के मुसलमानों को खड़े होकर निंदा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने इस्लाम को बदनाम किया है। मुस्लिम होने का चोला पहनकर ये लोग इंसानियत के दुश्मन बने हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि इन घटनाओं से सबसे अधिक नुकसान इस्लाम को मानने वालों को ही हुआ है। भारत सरकार इस पूरे मामले पर गंभीर चिंता जता रही है और पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने भी इन घटनाओं की निंदा की है। (इनपुट-आईएएनएस)


