ग्लोबल इंटरनेट आउटेज साइबरअटैक नहीं, आंतरिक गलती से हुआ: क्लाउडफ्लेयर CEO

क्लाउडफ्लेयर के CEO मैथ्यू प्रिंस ने पुष्टि की है कि मंगलवार को दुनिया भर में कई बड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आया इंटरनेट आउटेज किसी साइबरअटैक के कारण नहीं, बल्कि कंपनी की आंतरिक कॉन्फ़िगरेशन गलती की वजह से हुआ था।

इस आउटेज का असर X, ChatGPT, Canva, Discord सहित कई वेबसाइटों और ऐप्स पर देखा गया।

क्या  थी  गलती?

प्रिंस ने बताया कि गड़बड़ी तब शुरू हुई जब Cloudflare ने अपनी ClickHouse डेटाबेस क्लस्टर में परमिशन से जुड़ा एक अपडेट किया।
यह अपडेट डेटा एक्सेस सुधारने के लिए था, लेकिन एक गलत क्वेरी ने सिस्टम को ज़रूरत से ज़्यादा डेटा लोड करने पर मजबूर कर दिया।

इस वजह से Cloudflare की Bot Management सिस्टम का एक अहम “फीचर फाइल” अचानक बहुत बड़ा हो गया।

यह फाइल हर पाँच मिनट में अपडेट होकर पूरे नेटवर्क में भेजी जाती है। जब इसका आकार दोगुना हो गया, तो यह सॉफ्टवेयर लिमिट से ऊपर चला गया और नेटवर्क एज पर मौजूद राउटिंग सॉफ़्टवेयर क्रैश होने लगा।

क्यों  बार-बार  फेल  हो  रहा  था  सिस्टम?

यह समस्या और पेचीदा इसलिए हो गई क्योंकि गलत फाइल केवल क्लस्टर के उन्हीं हिस्सों में बन रही थी जिन पर नया अपडेट लागू हुआ था।

ऐसे में हर पाँच मिनट में यह स्थिति बनती रही:

  • कभी नेटवर्क को सही फाइल मिली और सिस्टम कुछ देर के लिए रिकवर हुआ

  • और अगले पांच मिनट में गलत फाइल मिलने पर सबकुछ फिर से क्रैश हो गया

यह लगातार फेल-रिकवरी चक्र तीन घंटे तक चलता रहा और दुनिया भर में इंटरनेट सेवाओं में बाधा आई।

प्रिंस ने बताया कि शुरुआत में Cloudflare को ऐसा लगा कि यह एक बड़ा DDoS हमला है, लेकिन जांच में बाद में असली कारण सामने आया।

कैसे  ठीक  हुई  समस्या?

क्लाउडफ्लेयर इंजीनियरों ने अंततः:

  • गलत फाइल के प्रसार को रोका

  • उसकी जगह पुरानी, सही फाइल को बहाल किया

  • और प्रभावित सिस्टम्स को रीस्टार्ट किया

कंपनी के अनुसार समस्या 17:06 UTC तक पूरी तरह ठीक कर दी गई। Cloudflare ने इसे 2019 के बाद सबसे गंभीर आउटेज बताया है।

CEO  ने  मांगी  माफी

प्रिंस ने इस रुकावट के लिए खेद जताया और कहा कि कंपनी आगे से मजबूत सुरक्षा उपाय अपनाएगी, जिनमें शामिल हैं:

  • फाइल साइज़ पर सख्त लिमिट

  • क्रिटिकल अपडेट्स रोकने के लिए ग्लोबल किल स्विच

  • और सिस्टम फेल होने की संभावनाओं की व्यापक समीक्षा

-(इनपुटःएजेंसी)