विधानमंडल के संयुक्त अधिवेशन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण के दौरान उत्तर प्रदेश को देश के अग्रणी और नंबर वन राज्यों में स्थापित करने वाली उपलब्धियों का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। अभिभाषण में यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि उत्तर प्रदेश अब केवल जनसंख्या के लिहाज से नहीं, बल्कि प्रदर्शन और परिणाम के आधार पर भी देश का नेतृत्व कर रहा है।
कृषि उत्पादन में उत्तर प्रदेश सबसे आगे
राज्यपाल ने बताया कि कृषि और किसान कल्याण के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश ने देशभर में प्रथम स्थान हासिल किया है। प्रदेश आज खाद्यान्न, गन्ना, चीनी, दुग्ध, आम और आलू उत्पादन में देश में नंबर वन है। खाद्यान्न उत्पादन वर्ष 2016–17 में 557.46 लाख मीट्रिक टन था, जो बढ़कर वर्ष 2024–25 में 737.40 लाख मीट्रिक टन तक पहुंच गया है। यह उपलब्धि प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा में उसकी केंद्रीय भूमिका को भी रेखांकित करती है।
किसान कल्याण योजनाओं में प्रभावी क्रियान्वयन
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर रहा है। कृषि निवेश पर अनुदान का डीबीटी के माध्यम से भुगतान करने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य बना। इसके साथ ही गन्ना किसानों को रिकॉर्ड 3 लाख करोड़ रुपए से अधिक का भुगतान कर प्रदेश सरकार ने किसान हितैषी प्रशासन का मजबूत उदाहरण प्रस्तुत किया है।
ऊर्जा और स्वच्छ ईंधन में भी प्रदेश अग्रणी
अभिभाषण में बताया गया कि पीएम सूर्य घर योजना में उत्तर प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है। एथेनॉल उत्पादन और आपूर्ति में भी प्रदेश देश का नेतृत्व कर रहा है। इससे किसानों की आय में वृद्धि हुई है और स्वच्छ ऊर्जा व आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान मिला है।
आवास और स्वच्छता में नंबर वन उपलब्धि
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण और शहरी) के तहत आवास निर्माण में उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ शौचालय निर्माण में भी प्रदेश शीर्ष पर है, जो स्वच्छ भारत मिशन की जमीनी सफलता को दर्शाता है।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में यूपी की मजबूत पकड़
राज्यपाल ने बताया कि अटल पेंशन योजना में पंजीकरण के मामले में उत्तर प्रदेश प्रथम स्थान पर है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 1.85 करोड़ गैस कनेक्शन देकर प्रदेश देश में पहले स्थान पर रहा है। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना- दोनों में उत्तर प्रदेश देश में अग्रणी बना हुआ है।
एमएसएमई और सरकारी खरीद में रिकॉर्ड
96 लाख से अधिक सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) की स्थापना के साथ उत्तर प्रदेश देश का अग्रणी राज्य बन चुका है। जेम पोर्टल के माध्यम से सर्वाधिक सरकारी खरीद करने वाला राज्य भी उत्तर प्रदेश ही है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और स्थानीय उद्यमों को प्रोत्साहन मिला है।
प्रशासनिक सुधार और कर अनुपालन में भी अव्वल
राज्यपाल ने बताया कि मिशन कर्मयोगी के तहत आईजीओटी पोर्टल पर सर्वाधिक यूजर्स के साथ उत्तर प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है। ई-प्रॉसिक्यूशन प्रणाली के प्रभावी उपयोग में भी प्रदेश नंबर वन है। 20.98 लाख से अधिक एक्टिव करदाताओं के साथ उत्तर प्रदेश कर अनुपालन के क्षेत्र में भी शीर्ष राज्य बनकर उभरा है।
डिजिटल हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़ी उपलब्धि
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत आभा आईडी निर्माण में उत्तर प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है। राज्यपाल ने इसे डिजिटल हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में प्रदेश की एक बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। (इनपुट: आईएएनएस)


