10/10/25 | 3:19 pm

Print

मणिपुर की अर्थव्यवस्था को नई ताकत देंगे जीएसटी सुधार, 9 लाख से ज्यादा लोगों को सीधा लाभ

केंद्र सरकार की नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी सुधारों से मणिपुर की अर्थव्यवस्था को बड़ी मजबूती मिलने जा रही है। राज्य की पहचान छोटे उद्योगों, हस्तशिल्प, हैंडलूम और कृषि आधारित रोजगार से है। अब जीएसटी में की गई कटौती से राज्य के किसान, बुनकर, कारीगर और उद्यमी सभी को सीधा लाभ होगा। केंद्र सरकार ने हैंडलूम, हस्तशिल्प, प्रोसेस्ड फूड, कॉफी, बांस उत्पादों और डेयरी वस्तुओं पर जीएसटी घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया है। इससे करीब 9 लाख से अधिक लोग लाभान्वित होंगे, जिनमें 2.5 लाख बुनकर, 1.2 लाख कारीगर, 1.5 लाख फूड प्रोसेसिंग कर्मी, 1 लाख डेयरी उत्पादक और 10 हजार कॉफी किसान शामिल हैं।

हैंडलूम क्षेत्र को मिलेगा बड़ा लाभ

मणिपुर के पारंपरिक हैंडलूम उत्पाद जैसे फानेक, इनाफी और रानी अब और सस्ते होंगे। पहले इन पर 12 प्रतिशत जीएसटी था, जिसे घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। राज्य की लगभग 2.5 लाख महिला बुनकर इस निर्णय से लाभान्वित होंगी। इससे न केवल इन उत्पादों की घरेलू मांग बढ़ेगी, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी मणिपुर के हैंडलूम की पहचान मजबूत होगी।

हस्तशिल्प और बांस उत्पाद होंगे अधिक प्रतिस्पर्धी

चुराचांदपुर, उखरुल और तमेंगलोंग जैसे जिलों के 1.2 लाख बांस और बेंत उत्पादक कारीगरों को राहत मिली है। फर्नीचर, टोकरियां और लकड़ी के हस्तशिल्प पर जीएसटी 12 से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में उत्पादों की बिक्री बढ़ेगी और स्वयं सहायता समूहों (SHGs) व सूक्ष्म उद्योगों (SMEs) को भी बढ़ावा मिलेगा।

कॉफी किसानों को बड़ी राहत

उखरुल, सेनापति और चंदेल जिलों में उगाई जाने वाली उच्च गुणवत्ता वाली अरेबिका कॉफी पर अब 18 प्रतिशत के बजाय 5 प्रतिशत जीएसटी लगेगा। इससे 10 हजार से अधिक किसानों को राहत मिलेगी। कॉफी उद्योग में प्रोसेसिंग और पैकेजिंग से जुड़े रोजगार भी बढ़ेंगे। इससे उत्पादन लागत कम होगी, लाभ बढ़ेगा और मणिपुर की कॉफी को अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त मिलेगी।

खाद्य प्रसंस्करण उद्योग में 1.5 लाख लोगों को फायदा

इम्फाल, सेनापति और चंदेल में संचालित छोटे खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों में लगभग 1.5 लाख लोग काम करते हैं। अचार, बांस शूट, फर्मेंटेड फूड और सब्जी उत्पादों पर जीएसटी 12 से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। इससे ग्रामीण महिलाओं और छोटे उद्योगों की आमदनी बढ़ेगी और उनके उत्पादों की पहुंच बाजार तक आसान होगी।

पत्थर नक्काशी और मूर्तिकला को मिलेगा प्रोत्साहन

इम्फाल, चुराचांदपुर और उखरुल जिलों में पारंपरिक पत्थर नक्काशी से जुड़े लगभग 50 हजार कारीगरों को राहत मिली है। सिरेमिक और पत्थर उत्पादों पर जीएसटी 12 से घटाकर 5 प्रतिशत किया गया है, जिससे इन उत्पादों की कीमत कम होगी और बाजार में मांग बढ़ेगी।

डेयरी उत्पादों पर जीएसटी शून्य या 5 प्रतिशत

इम्फाल, थौबल और बिश्नुपुर के 1 लाख से अधिक डेयरी किसानों को अब घी, मक्खन, पनीर और चीज़ पर कम जीएसटी का लाभ मिलेगा। इससे उपभोक्ताओं के लिए ये उत्पाद सस्ते होंगे और किसानों को अधिक मुनाफा मिलेगा। उत्पादन लागत घटने से ग्रामीण डेयरी उद्योग को भी बल मिलेगा।

इन सुधारों से मणिपुर की अर्थव्यवस्था में समावेशी वृद्धि की नई दिशा मिलेगी। जीएसटी दरों में कमी से उत्पाद सस्ते होंगे, बाजार प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और पारंपरिक उद्योगों को आधुनिक अवसरों से जोड़ा जाएगा। केंद्र का उद्देश्य है कि छोटे राज्यों को भी भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था में समान अवसर मिले।सरकार का मानना है कि यह सुधार न केवल कर भार कम करेंगे बल्कि पूर्वोत्तर राज्यों को देश के विकास की मुख्यधारा से जोड़ेंगे। इससे मणिपुर के किसान, कारीगर और उद्यमी सशक्त होंगे और राज्य की सांस्कृतिक विरासत को भी आर्थिक शक्ति में बदला जा सकेगा।-(PIB)