गणतंत्र दिवस से पहले देशभर में हाई अलर्ट, बॉर्डर पर कड़ी निगरानी

गणतंत्र दिवस को देखते हुए देशभर में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। संवेदनशील इलाकों और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। सुरक्षा एजेंसियों को किसी भी तरह की आतंकी साजिश को नाकाम करने के लिए चौकसी और निगरानी और कड़ी करने के निर्देश दिए गए हैं।

ड्रोन गतिविधियों पर सख्त निगरानी

ड्रोन के जरिए हथियार और विस्फोटक भेजे जाने की आशंका को देखते हुए ड्रोन गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने सीमावर्ती इलाकों में संदिग्ध उड़ानों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।

बॉर्डर इलाकों में विशेष अलर्ट

पंजाब, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान से सटे अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पर ड्रोन हमले और घुसपैठ की आशंका को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया गया है। बीते कुछ समय में इन क्षेत्रों में ड्रोन के जरिए हथियार, गोला-बारूद और नशीले पदार्थ भेजे जाने के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिसके चलते एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं।

पैरा-ग्लाइडर और हैंग-ग्लाइडर की आशंका

सुरक्षा एजेंसियों को मिले इनपुट के अनुसार आतंकी संगठन ड्रोन के साथ-साथ पैरा-ग्लाइडर और हैंग-ग्लाइडर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इन माध्यमों के जरिए सीमावर्ती इलाकों में घुसपैठ या विस्फोटक पहुंचाने की साजिश की आशंका जताई गई है।

आतंकी संगठनों को लेकर खुफिया इनपुट

खुफिया एजेंसियों के मुताबिक लश्कर-ए-तैयबा और कुछ सिख आतंकी संगठनों द्वारा पैरा-ग्लाइडर समेत अन्य उपकरणों की खरीद से जुड़े इनपुट मिले हैं। इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना जा रहा है और इसी आधार पर यह हाई अलर्ट जारी किया गया है।

हवाई निगरानी और ग्राउंड सिक्योरिटी मजबूत

हवाई निगरानी को और मजबूत करते हुए ड्रोन रोधी सिस्टम और रडार सक्रिय कर दिए गए हैं। इसके साथ ही सीमावर्ती इलाकों में नाइट पेट्रोलिंग, चेकिंग और तलाशी अभियानों को तेज कर दिया गया है।

दिल्ली में भी सुरक्षा सख्त

गणतंत्र दिवस के मद्देनजर राजधानी दिल्ली में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली पुलिस ने सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) के नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ 26 जनवरी से पहले राष्ट्रीय राजधानी में अशांति फैलाने की धमकियों के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस मामले में कार्रवाई की है। (इनपुट: आईएएनएस)