05/08/24 | 11:25 am

Print

जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाने की 5वीं वर्षगांठ पर अलर्ट, सुरक्षा कारणों से अमरनाथ यात्रियों के जत्थे को नहीं किया गया रवाना

जम्मू-कश्मीर में आज, 5 अगस्त 2024 को अनुच्छेद 370 हटाने की पांचवीं वर्षगांठ है। याद हो, पांच साल पहले पांच अगस्त के ही दिन जम्मू-कश्मीर व लद्दाख को दो केंद्र शासित प्रदेश बनाकर अलग कर दिया गया था। साथ ही जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 व 35ए को समाप्त कर दिया गया था।

आतंकी हमले की आशंका के मद्देनजर अलर्ट किया जारी

ऐसे में आज किसी भी तरह की आतंकी वारदात से निपटने के लिए पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच सुरक्षा कारणों से आज सोमवार को जम्मू से अमरनाथ यात्रियों का जत्था रवाना नहीं किया गया। श्रीनगर से भी अमरनाथ यात्रियों का जत्था जम्मू नहीं आएगा।

राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कश्मीर में सुरक्षाबलों के काफिलों की आवाजाही पर भी रोक

दरअसल, आतंकी हमले की आशंका के मद्देनजर जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कश्मीर में सुरक्षाबलों के काफिलों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई है। हालांकि, रोड ओपनिंग पार्टी हाइवे व अन्य सड़कों पर रोजाना की तरह ही तैनात रहेगी।

जम्मू-कश्मीर की सीमाओं पर भी सुरक्षा को किया गया और पुख्ता

जम्मू-कश्मीर की सीमाओं पर भी सुरक्षा को और पुख्ता किया गया है। पूरे राज्य में जगह-जगह नाके लगे हैं और आने-जाने वाले वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है। (इनपुट-हिंदुस्थान समाचार)