केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री और गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘विकलांग’ के स्थान पर ‘दिव्यांग’ शब्द देकर देश की सोच, संवेदना और दृष्टिकोण को सकारात्मक दिशा दी है। उन्होंने दिव्यांगजनों को राष्ट्र निर्माण का साझा सहभागी बताते हुए समाज की मुख्यधारा में उनके सशक्त समावेशन पर जोर दिया।
अशोकनगर में भव्य वितरण शिविर
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने संसदीय क्षेत्र के अशोकनगर जिले के मरूप गांव में आयोजित ‘दिव्यांगजन एवं वृद्धजन सहायक उपकरण वितरण शिविर’ में 1237 दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को आधुनिक सहायक उपकरण वितरित किए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल उपकरण वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता और सामाजिक समावेशन की दिशा में एक सशक्त पहल है।
सेवा को बताया पारिवारिक कर्तव्य
सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ग्वालियर-चंबल अंचल में सेवा सिंधिया परिवार के लिए शासन का विषय नहीं, बल्कि पीढ़ियों से निभाया जा रहा पवित्र कर्तव्य रहा है। उन्होंने बताया कि अशोकनगर में 1456, गुना में 1745 और शिवपुरी में 5250 सहित कुल 8,240 दिव्यांगजनों तक सेवा पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है, जो केवल आंकड़ा नहीं बल्कि हजारों परिवारों की आशा और गरिमा से जुड़ा संकल्प है।
संकल्प और आत्मविश्वास से जन्म लेती है सामर्थ्य
सिंधिया ने ऋषि अष्टावक्र, वैज्ञानिक स्टीफन हॉकिंग और पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता देवेंद्र झाझरिया का उदाहरण देते हुए कहा कि सामर्थ्य शरीर की सीमाओं से नहीं, बल्कि संकल्प और आत्मविश्वास से जन्म लेती है। उन्होंने कहा कि ये उदाहरण साबित करते हैं कि दिव्यांगजन राष्ट्र निर्माण की सामूहिक जिम्मेदारी के सहभागी हैं।
दिव्यांगजनों के लिए ऐतिहासिक फैसले
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 पारित किया गया। इसके साथ ही दिव्यांगजनों के लिए बजटीय आवंटन को 330 करोड़ से बढ़ाकर लगभग 2000 करोड़ किया गया। पिछले 12 वर्षों में भाजपा सरकार द्वारा देशभर में 18,000 से अधिक शिविर आयोजित किए गए हैं, जिनसे 21 लाख से ज्यादा दिव्यांगजन लाभान्वित हुए हैं।
रेल और सम्मान से जुड़े कदम
सिंधिया ने बताया कि रेल विभाग द्वारा दिव्यांग ई-टिकटिंग फोटो पहचान पत्र की सुविधा शुरू की गई है, जिससे दिव्यांगजनों को विशिष्ट रूप से टिकट मिल सके। साथ ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा 32 दिव्यांगजनों को राष्ट्रपति सम्मान प्रदान किया गया है।
विकसित भारत 2047 में सहभागिता का आह्वान
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह का आभार जताया और कहा कि वे दिव्यांगजनों के सम्मान, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए सदैव खड़े रहेंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प में सहभागी बनने और दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा में और सशक्त रूप से जोड़ने का आह्वान किया। (इनपुट: आईएएनएस)


