आई-पैक छापेमारी मामला: ईडी ने ममता बनर्जी पर लगाए दस्तावेज चोरी के आरोप

आई-पैक से जुड़ी छापेमारी के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान ईडी की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि इस मामले में मुख्यमंत्री स्वयं आरोपी हैं, जबकि पश्चिम बंगाल के डीजीपी ने सहयोगी की भूमिका निभाई।

ईडी का आरोप- छापेमारी के दौरान दस्तावेजों की चोरी

सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कोर्ट को बताया कि ईडी अधिकारियों को छापे वाली जगह पर कुछ अहम दस्तावेजों की जानकारी मिली थी, जो जांच के दायरे में थे। स्थानीय पुलिस को छापेमारी की सूचना दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कथित तौर पर गैरकानूनी तरीके से मौके पर पहुंचीं और दस्तावेजों की चोरी की।

जांच में बाधा डालने का आरोप

एसजी मेहता ने कहा कि कोर्ट को ऐसा आदेश देना चाहिए, जिससे जांच में बाधा डालने वाले अधिकारियों के लिए एक स्पष्ट नजीर तय हो सके। उन्होंने आरोप लगाया कि छापेमारी के दौरान कानून-व्यवस्था का उल्लंघन किया गया।

डिजिटल डिवाइस और दस्तावेज ले जाने का दावा

ईडी की ओर से दलील दी गई कि छापेमारी के बीच मुख्यमंत्री परिसर में दाखिल हुईं और सभी डिजिटल डिवाइस के साथ तीन आपत्तिजनक दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए। ईडी के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर 12:15 बजे परिसर से रवाना हुईं। एजेंसी ने कहा कि जांच से जुड़े दस्तावेजों को ले जाना गंभीर अपराध है।

मुख्यमंत्री के खिलाफ एफआईआर की मांग

मामले में अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि एफआईआर के लिए किसी संज्ञेय अपराध का प्रथम दृष्टया मामला होना ही पर्याप्त है और यह मामला चोरी और लूट की श्रेणी में आता है।

पश्चिम बंगाल पुलिस की भूमिका पर सवाल

एएसजी राजू ने पश्चिम बंगाल पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस ने सहयोगी की तरह व्यवहार किया। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से इस पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराने का निर्देश देने की मांग की।

टीएमसी की ओर से कपिल सिब्बल की दलील

सुप्रीम कोर्ट में तृणमूल कांग्रेस की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने ईडी के आरोपों को चुनौती दी। उन्होंने कहा कि आई-पैक के पास पार्टी का पूरा चुनावी और गोपनीय डाटा होता है, जिसमें उम्मीदवारों से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां शामिल हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि चुनाव के बीच ईडी वहां क्यों गई।

ईडी की टाइमिंग पर उठे सवाल

कपिल सिब्बल ने कहा कि कोयला घोटाले से जुड़े मामले में आखिरी बयान 24 फरवरी, 2024 को दर्ज किया गया था। इसके बाद लंबे समय तक ईडी की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पूछा कि चुनाव के बीच अचानक इतनी दिलचस्पी क्यों दिखाई गई।

दस्तावेज चोरी के आरोपों से इनकार

कपिल सिब्बल ने ममता बनर्जी पर दस्तावेज चोरी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ईडी सुबह 6:20 बजे मौके पर पहुंची थी, जबकि मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे वहां आईं और 12:15 बजे चली गईं। उन्होंने कहा कि यह आरोप गलत है कि मुख्यमंत्री सभी डिवाइस लेकर गईं। सिब्बल के अनुसार, ममता बनर्जी केवल अपना लैपटॉप और आईफोन ही अपने साथ ले गई थीं।

लंच के बाद फिर होगी सुनवाई

इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में लंच के बाद दोबारा सुनवाई की जाएगी। (इनपुट: आईएएनएस)