बेंगलुरु में आईईपीएफए का निवेशक शिविर, पारदर्शी निवेश व्यवस्था की दिशा में कदम

इन्वेस्टर एजुकेशन एंड प्रोटेक्शन फंड अथॉरिटी (आईईपीएफए) ने भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) की साझेदारी में मार्केट इंफ्रास्ट्रक्चर इंस्टीट्यूशंस (एमआईआई) के सहयोग से बेंगलुरु में ‘निवेशक शिविर’ का आयोजन किया। यह जानकारी सरकार की ओर से मंगलवार को दी गई।

निवेशक शिविर आईईपीएफए की राष्ट्रव्यापी प्रचार श्रृंखला का हिस्सा

कारपोरेट कार्य मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत आईईपीएफए प्रचार, शिक्षा और रणनीतिक साझेदारियों के माध्यम से निवेशकों में जागरूकता फैलाने और उनके हितों की सुरक्षा का कार्य करती है। यह निवेशक शिविर आईईपीएफए की राष्ट्रव्यापी प्रचार श्रृंखला का हिस्सा था, जिसका उद्देश्य उन शहरों पर विशेष ध्यान केंद्रित करना है, जहां बड़ी मात्रा में लावारिस निवेश मौजूद हैं।

शिविर के दौरान शिकायत निवारण, दावे की प्रक्रिया में सहायता और निवेशक सेवा से जुड़ी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं

एक दिवसीय इस शिविर में कर्नाटक भर से निवेशकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर के दौरान शिकायत निवारण, दावे की प्रक्रिया में सहायता और निवेशक सेवा से जुड़ी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। अथॉरिटी के अनुसार, बेंगलुरु और आसपास के क्षेत्रों से 900 से अधिक निवेशकों और दावेदारों ने शिविर में सक्रिय भागीदारी की। इस पहल का उद्देश्य प्रत्यक्ष सुविधा और मौके पर सहायता प्रदान कर निवेशक सेवाओं को अधिक सुलभ बनाना था।

यह पहल देशभर में पारदर्शी, सुलभ और निवेशक-केंद्रित वित्तीय पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण के प्रति आईईपीएफए की प्रतिबद्धता को दर्शाती है

पुणे, हैदराबाद, जयपुर और अमृतसर में सफल आयोजनों के बाद बेंगलुरु इस निवेशक-केंद्रित पहल की मेजबानी करने वाला अगला शहर बना। यह पहल देशभर में पारदर्शी, सुलभ और निवेशक-केंद्रित वित्तीय पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण के प्रति आईईपीएफए की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

शिविर के दौरान छह से सात वर्षों से लंबित अनक्लेम्ड डिविडेंड और शेयरों के मामलों में प्रत्यक्ष सुविधा उपलब्ध कराई गई

निवेशक शिविर के दौरान छह से सात वर्षों से लंबित अनक्लेम्ड डिविडेंड और शेयरों के मामलों में प्रत्यक्ष सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही मौके पर ही केवाईसी और नामांकन से जुड़े अपडेट किए गए और लंबित आईईपीएफए दावों से संबंधित मुद्दों का समाधान किया गया।

निवेशकों को अधिकारियों से सीधे संवाद करने का अवसर

अथॉरिटी ने बताया कि हितधारक कंपनियों और आरटीए द्वारा समर्पित कियोस्क लगाए गए थे, जिससे निवेशकों को अधिकारियों से सीधे संवाद करने का अवसर मिला और प्रक्रिया से बिचौलियों की भूमिका कम हुई। इस दौरान सैकड़ों प्रतिभागियों को कंपनी प्रतिनिधियों, आरटीए तथा आईईपीएफए और सेबी के अधिकारियों से सीधे संपर्क का लाभ मिला।

“आईईपीएफए दावों और निवेशक सेवाओं के लिए एक संपूर्ण मार्गदर्शिका” नामक जानकारीपूर्ण पुस्तिका लॉन्च

यह पहल अपनी दक्षता, पारदर्शिता और शिकायत निवारण की प्रभावशीलता के लिए सराही गई, क्योंकि आमतौर पर ऐसे मामलों के समाधान में महीनों का समय लग जाता है। इसके अतिरिक्त, आईईपीएफए ने निवेशकों की जागरूकता बढ़ाने और दावों के सुगम समाधान के उद्देश्य से “आईईपीएफए दावों और निवेशक सेवाओं के लिए एक संपूर्ण मार्गदर्शिका” नामक एक जानकारीपूर्ण पुस्तिका भी लॉन्च की है। (इनपुट: आईएएनएस)