खाद्य तेलों पर आयात शुल्क घटा, सरकार ने उपभोक्ताओं को दी राहत

केंद्र सरकार ने घरेलू खाद्य तेलों की कीमतों को नियंत्रित करने और उपभोक्ताओं को राहत देने के उद्देश्य से प्रमुख आयातित कच्चे खाद्य तेलों पर मूल सीमा शुल्क (बीसीडी) में कटौती की है। कच्चे सूरजमुखी तेल पर बीसीडी 10% से घटाकर शून्य कर दिया गया है, जबकि कच्चे सोयाबीन तेल और कच्चे पाम तेल पर शुल्क 10% से घटाकर 5% कर दिया गया है।

कच्चे खाद्य तेलों पर शुल्क में कटौती

सरकार ने संबंधित परिष्कृत खाद्य तेलों पर लागू बीसीडी में भी कटौती की है। हालांकि, घरेलू शोधन को बढ़ावा देने और परिष्कृत खाद्य तेलों के अत्यधिक आयात को हतोत्साहित करने के लिए कच्चे और परिष्कृत खाद्य तेलों के बीच आयात शुल्क का अंतर 19.25% बरकरार रखा गया है।

अंतरराष्ट्रीय कीमतों में बढ़ोतरी का असर

आयात शुल्क को युक्तिसंगत बनाते समय अंतरराष्ट्रीय खाद्य तेल बाजार में कीमतों में हुई वृद्धि और उसके कारण घरेलू बाजार में लागत तथा खुदरा कीमतों पर पड़े प्रभाव को ध्यान में रखा गया है। आयात शुल्क खाद्य तेलों की आयातित लागत का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसका सीधा असर घरेलू बाजार की कीमतों पर पड़ता है।

उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद

कच्चे खाद्य तेलों पर बीसीडी में कमी से घरेलू बाजार में इनकी लागत कम होने और इसका लाभ आपूर्ति श्रृंखला के माध्यम से उपभोक्ताओं तक पहुंचने की उम्मीद है। सरकार का यह कदम खाद्य कीमतों और समग्र मुद्रास्फीति के दबाव को नियंत्रित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

घरेलू शोधन को मिलेगा बढ़ावा

सरकार ने कच्चे और परिष्कृत खाद्य तेलों के बीच शुल्क अंतर को बरकरार रखकर घरेलू शोधन क्षमता के बेहतर उपयोग को बढ़ावा देने का प्रयास किया है। इससे परिष्कृत खाद्य तेलों के अत्यधिक आयात को हतोत्साहित करने और घरेलू शोधकों को अधिक समान अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है। साथ ही, देश में खाद्य तेलों के क्षेत्र में मूल्यवर्धन की प्रक्रिया को बढ़ावा मिलेगा।

उद्योग को उपभोक्ताओं तक लाभ पहुंचाने की सलाह

सरकार ने खाद्य तेल संघों और उद्योग के हितधारकों को सलाह जारी की है कि आयात शुल्क में कमी का पूरा लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाए। उद्योग से लागत में कमी के अनुरूप वितरकों के लिए मूल्य (पीटीडी) और अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) में तत्काल संशोधन करने का अनुरोध किया गया है।

कीमतों पर नजर रखेगी सरकार

खाद्य तेल संघों से अपने सदस्यों को संबंधित मूल्य कटौती बिना विलंब लागू करने की सलाह देने को कहा गया है। सरकार ने कहा है कि वह अंतरराष्ट्रीय खाद्य तेल बाजार और घरेलू कीमतों के घटनाक्रम पर नजर रखेगी। उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के साथ किसानों और घरेलू खाद्य तेल उद्योग के लिए संतुलित नीतिगत माहौल बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार उचित कदम उठाए जाएंगे।

RELATED ARTICLES

6 hours ago | Becoming

आईएफएफआई 2026 में चमका हिमालयी सिनेमा, लद्दाखी और कश्मीरी कहानियां बनीं आकर्षण का केंद्र

लद्दाख की बर्फीली वादियों में आइस हॉकी का सपना देखने वाली एक बच्ची से लेकर गुलमर्ग के बच्चों की ...

6 hours ago

विकासशील देशों में कृषि सहयोग बढ़ाएगा आईसीएआर-आरआईएस, एमओयू पर हस्ताक्षर

विकासशील देशों के बीच कृषि सहयोग, तकनीकी ज्ञान और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान को ...