10 साल में स्टार्टअप इंडिया बना क्रांति, पीएम मोदी ने गिनाईं उपलब्धियां

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि बीते 10 वर्षों में स्टार्टअप इंडिया मिशन एक क्रांति के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है और इस मिशन ने लाखों युवाओं के सपनों को साकार करने में अहम भूमिका निभाई है।

भारत मंडपम में 10 साल पूरे होने का जश्न

राष्ट्रीय राजधानी स्थित भारत मंडपम में स्टार्टअप इंडिया मिशन के 10 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आज हम स्टार्टअप इंडिया के 10 साल पूरे होने का माइलस्टोन सेलिब्रेट कर रहे हैं। यह 10 साल की यात्रा सिर्फ एक सरकारी योजना की सफलता की कहानी नहीं है, बल्कि आप जैसे लाखों सपनों की यात्रा है।”

युवाओं और इनोवेटर्स की सराहना

इस मौके पर प्रधानमंत्री ने स्टार्टअप इंडिया मिशन में योगदान देने वाले युवाओं की सराहना करते हुए कहा, “हमारे यंग इनोवेटर्स, जिन्होंने नए सपने देखने का साहस दिखाया, मैं उन सभी की बहुत-बहुत सराहना करता हूं।”

10 साल पहले की स्थिति को किया याद

कार्यक्रम में आगे बोलते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आप याद कीजिए, 10 साल पहले हालात क्या थे। व्यक्तिगत प्रयास और इनोवेशन के लिए गुंजाइश ही नहीं थी। हमने उन परिस्थितियों को चैलेंज किया, स्टार्टअप इंडिया लॉन्च किया और युवाओं को खुला आसमान दिया। आज नतीजा हमारे सामने है।”

500 से बढ़कर दो लाख से ज्यादा स्टार्टअप

नरेंद्र मोदी ने कहा, “सिर्फ 10 साल में स्टार्टअप इंडिया मिशन क्रांति बन चुका है। 10 साल पहले देश में 500 से भी कम स्टार्टअप थे, जबकि आज इनकी संख्या बढ़कर दो लाख से अधिक हो गई है।”

यूनिकॉर्न की संख्या में जबरदस्त उछाल

उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में भारत में सिर्फ चार यूनिकॉर्न थे, जबकि आज देश में करीब 125 सक्रिय यूनिकॉर्न हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया आज भारत की इस सक्सेस स्टोरी को हैरानी से देख रही है।

महिला नेतृत्व वाले स्टार्टअप्स की मजबूत मौजूदगी

स्टार्टअप्स में महिलाओं की भागीदारी पर प्रकाश डालते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वर्तमान में भारत में मान्यता प्राप्त स्टार्टअप्स में से 45% से अधिक में कम से कम एक महिला निदेशक या भागीदार है। महिला नेतृत्व वाले स्टार्टअप्स को फंडिंग देने के मामले में भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा इकोसिस्टम बन चुका है।

मैन्युफैक्चरिंग और प्रोडक्ट इनोवेशन पर जोर

स्टार्टअप संस्थापकों को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा कि बीते वर्षों में डिजिटल स्टार्टअप्स और सर्विस सेक्टर में शानदार काम हुआ है, लेकिन अब समय है कि स्टार्टअप्स मैन्युफैक्चरिंग पर अधिक ध्यान दें। उन्होंने कहा कि देश को नए और विश्वस्तरीय गुणवत्ता वाले प्रोडक्ट्स बनाने होंगे।

टेक्नोलॉजी में लीड लेने का आह्वान

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में यूनिक आइडियाज के साथ आगे बढ़कर नेतृत्व करने की जरूरत है। उन्होंने कहा, “भविष्य इसी का है। मैं आपको भरोसा देता हूं कि आपके हर प्रयास में सरकार आपके साथ खड़ी है।” (इनपुट: आईएएनएस)