झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के नक्सल प्रभावित सारंडा जंगल क्षेत्र में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार को हुई मुठभेड़ में एक करोड़ के इनामी माओवादी पतिराम मांझी उर्फ अनल दा समेत 15 नक्सलियों को मार गिराया गया।
आईजी अभियान ने की मुठभेड़ की पुष्टि
झारखंड पुलिस के आईजी अभियान माइकल राज ने पतिराम मांझी उर्फ अनल दा सहित कई नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों को इस ऑपरेशन में बड़ी रणनीतिक बढ़त मिली है।
दो दशकों से नक्सल संगठन का शीर्ष रणनीतिकार था अनल दा
माओवादी पतिराम मांझी मूल रूप से झारखंड के गिरिडीह जिले का रहने वाला था और पिछले दो दशकों से नक्सली संगठन से जुड़ा हुआ था। संगठन के शीर्ष रणनीतिकारों में उसकी गिनती होती थी। गिरिडीह से लेकर बोकारो, हजारीबाग, खूंटी, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम तक उसका नेटवर्क फैला हुआ था। सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में नक्सलियों की पकड़ मजबूत करने में उसकी अहम भूमिका मानी जाती रही है।
दर्जनों संगीन मामलों में था वांछित
अनल दा के खिलाफ सुरक्षाबलों पर हमले, आईईडी ब्लास्ट, लेवी वसूली और ठेकेदारों को धमकाने जैसे दर्जनों गंभीर मामले दर्ज थे। इसी वजह से उस पर एक करोड़ रुपए का इनाम घोषित था।
कुंभडीह गांव के पास शुरू हुई मुठभेड़
जानकारी के अनुसार, यह मुठभेड़ चाईबासा के छोटानागरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंभडीह गांव के पास उस समय शुरू हुई, जब गुप्त सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने संयुक्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान पहले से घात लगाए बैठे नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने रणनीतिक ढंग से मोर्चा संभालते हुए नक्सलियों को घेर लिया।
कई घंटे चली मुठभेड़, सुरक्षाबलों को निर्णायक बढ़त
कई घंटों तक चली मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों को निर्णायक बढ़त मिली। मुठभेड़ स्थल से कई नक्सलियों के शव, अत्याधुनिक हथियार, गोला-बारूद और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की गई है।
ऑपरेशन अभी जारी, इलाके की घेराबंदी
कोल्हान प्रमंडल के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने बताया कि अभियान अभी जारी है और इसके पूरी तरह समाप्त होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। सुरक्षा को देखते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है। वरिष्ठ पुलिस और सुरक्षा अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं।
हालिया समीक्षा बैठक के बाद तेज हुई कार्रवाई
गौरतलब है कि हाल ही में सीआरपीएफ के डीजी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने चाईबासा में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की थी, जिसमें नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की रणनीति पर चर्चा हुई थी। इस बैठक के बाद झारखंड और ओडिशा से बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती सारंडा क्षेत्र में की गई थी।
2026 की पहली बड़ी नक्सल मुठभेड़
सारंडा जंगल लंबे समय से नक्सलियों का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। हाल के महीनों में चाईबासा, कोल्हान और पोड़ाहाट क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियानों में तेजी आई है। जून 2025 में टोंटो और गोइलकेरा इलाके में हुई मुठभेड़ में चार नक्सली मारे गए थे। वर्ष 2026 में यह नक्सलियों के साथ पहली बड़ी मुठभेड़ मानी जा रही है, जिसे सुरक्षाबलों की एक अहम उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। (इनपुट: आईएएनएस)


