20/01/26 | 10:10 am

Print

बिहार में गृह विभाग के अधिकारी सप्ताह में दो दिन करेंगे जनसुनवाई

बिहार में गृह विभाग के अधिकारी अब सप्ताह में दो दिन आम जनता से रूबरू होंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। इस पहल का उद्देश्य आम लोगों की शिकायतों को सुनना और प्रशासनिक प्रक्रियाओं से जुड़ी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

सात निश्चय-3 कार्यक्रम की शुरुआत

दरअसल, सात निश्चय-3 के तहत ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (ईज ऑफ लिविंग)’ कार्यक्रम की सोमवार से विधिवत शुरुआत की गई। इसके तहत राज्य के सभी विभागों और जिला स्तरीय कार्यालयों में प्रत्येक सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा।

सरदार पटेल भवन में होगी जनसुनवाई

इसी क्रम में गृह विभाग की जनसुनवाई सरदार पटेल भवन में आयोजित की जाएगी। सोमवार को यह सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक और शुक्रवार को दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक होगी।

वरिष्ठ अधिकारी रहेंगे मौजूद

बताया गया कि जनसुनवाई के दौरान गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। अपर मुख्य सचिव की अनुपस्थिति में अन्य नामित पदाधिकारी जनता की समस्याएं सुनेंगे।

शिकायतों का होगा विधिवत पंजीकरण

जनसुनवाई में आने वाले सभी लोगों का नाम, पता और शिकायत से संबंधित विवरण रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा। इसके बाद उन्हें संबंधित पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, जहां समस्याओं पर सुनवाई कर त्वरित समाधान के लिए संबंधित प्रशाखा या पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।

सुचारु संचालन के लिए दिशा-निर्देश जारी

कार्यक्रम के सुचारु संचालन को लेकर गृह विभाग की विशेष सचिव के. सुहिता अनुपम ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं, ताकि जनसुनवाई के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

इससे पहले सोमवार को मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी विभागों और जिला स्तरीय कार्यालयों के संबंधित पदाधिकारियों को कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ऑनलाइन प्रस्तुतीकरण के जरिए प्रशिक्षण दिया गया।

वेब पोर्टल पर शिकायतों की निगरानी

प्रशिक्षण के दौरान विशेष रूप से तैयार वेब पोर्टल पर निबंधन, शिकायतों का ऑनलाइन विवरण अपलोड करने और उन पर की गई कार्रवाई की अद्यतन स्थिति दर्ज करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। (इनपुट: आईएएनएस)