गुजरात में 2666 ग्राम पंचायतों को मिलेगा अपना पंचायत घर: सीएम भूपेंद्र पटेल

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शुक्रवार को आणंद जिले के भादरण में आयोजित समारोह से राज्य की 2666 ग्राम पंचायतों के लिए ग्राम पंचायत घर-सह-पटवारी आवासों का एक साथ ई-शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत के लिए गांवों के इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास पर जो फोकस किया है, उसमें गुजरात अग्रसर रहने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

सेचुरेशन अप्रोच के तहत बड़ा फैसला

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 100% लक्ष्य प्राप्ति के लिए दिए गए सेचुरेशन अप्रोच को गुजरात में साकार करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने सभी ग्राम पंचायतों को उनके अपने पंचायत घर-सह-पटवारी आवास देने का महत्वाकांक्षी निर्णय लिया है।

663 करोड़ की लागत से होंगे पंचायत भवन

भूपेंद्र पटेल ने विश्वास जताया कि 2666 गांवों में कुल 663 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले ग्राम पंचायत घर-सह-पटवारी आवासों से ग्रामीण नागरिकों को स्थानीय स्तर पर ही सरकारी सेवाएं आसानी से उपलब्ध होंगी और प्रशासनिक कार्यों में भी तेजी आएगी।

मुख्यमंत्री ग्रामोत्थान योजना की राज्यव्यापी शुरुआत

इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण गृह निर्माण मंत्री ऋषिकेशभाई पटेल, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रमणभाई सोलंकी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री संजयसिंह महिडा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में ‘मुख्यमंत्री ग्रामोत्थान योजना’ की राज्यव्यापी लॉन्चिंग भी की गई।

तहसील मुख्यालय गांवों को मिलेंगी शहरी सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के 114 तहसील मुख्यालयों वाले ऐसे गांव, जो नगर पालिका नहीं हैं, उन्हें मुख्यमंत्री ग्रामोत्थान योजना के पहले चरण में शामिल किया गया है। इन गांवों में रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर, पेयजल, स्वच्छता, सोलर स्ट्रीट लाइट, ई-ग्राम और कम्युनिटी हॉल जैसी शहरी समकक्ष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

10 हजार से अधिक आबादी वाली पंचायतों पर फोकस

उन्होंने कहा कि शहरों पर बढ़ते दबाव को कम करने और गांवों में ही शहरों जैसी सुविधाएं देने के उद्देश्य से आगामी समय में 10 हजार से अधिक जनसंख्या वाली ग्राम पंचायतों को मुख्यमंत्री ग्रामोत्थान योजना के अंतर्गत लाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे ग्रामीण और शहरी विकास के बीच की खाई कम होगी।

जल संरक्षण और प्राकृतिक कृषि पर जोर

मुख्यमंत्री ने ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत वर्षा जल संचय और भूजल रिचार्ज के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि हर विधायक को 50 लाख रुपए का विशेष अनुदान दिया गया है, ताकि स्थानीय स्तर पर जल संरक्षण की व्यवस्थाएं की जा सकें। साथ ही उन्होंने गाय आधारित प्राकृतिक कृषि अपनाने की अपील की।

शहीद दिवस पर बापू को नमन

30 जनवरी शहीद दिवस और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के निर्वाण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने बापू को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि गांधीजी ने ग्राम स्वराज का संदेश देकर गांवों को आत्मनिर्भर बनाने का मार्ग दिखाया, जो आज भी राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणास्रोत है।

गांवों के विकास को नई दिशा: ऋषिकेश पटेल

पंचायत एवं ग्रामीण गृह निर्माण मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में 663 करोड़ रुपए की लागत से 2666 ग्राम पंचायत भवनों का निर्माण शुरू किया गया है, जिससे गुजरात के गांवों के विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने सरपंचों से भादरण गांव से प्रेरणा लेने का आग्रह भी किया। (इनपुट: आईएएनएस)