बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने दावा किया है कि राज्य में सत्ता परिवर्तन होगा और वहां भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रवादी सरकार बनेगी।
नरेंद्र मोदी के ‘महाजंगलराज’ वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय शर्मा ने कहा कि बंगाल में पूरी तरह अराजकता व्याप्त है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पश्चिम बंगाल में ‘महाजंगलराज’ वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय शर्मा ने रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि बंगाल में पूरी तरह अराजकता व्याप्त है। वहां जंगलराज है और आप स्वयं देख सकते हैं कि पश्चिम बंगाल में क्या हो रहा है। घुसपैठियों को खुलेआम प्रवेश करने दिया जा रहा है और उनके दस्तावेज सिस्टमैटिक तरीके से तैयार किए जा रहे हैं।
बंगाल में चुनावों के नाम पर जिस तरह से हत्याएं और अपराध होते हैं, वह बेहद चिंताजनक
विजय शर्मा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में चुनावों के नाम पर जिस तरह से हत्याएं और अपराध होते हैं, वह बेहद चिंताजनक है। यदि यह अराजकता नहीं है, तो फिर और क्या है? इसे ठीक किया जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले चुनावों में वहां की सभी नकारात्मक ताकतों का अंत होगा और भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रवादी सरकार बनेगी। साथ ही बांग्लादेश से होने वाली घुसपैठ भी बंद होगी।
किसी भी क्षेत्र में देश का बेहतर प्रदर्शन तो उसकी सराहना होनी चाहिए
छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम ने राहुल गांधी के विदेशी दौरे को लेकर कहा कि जब भी देश अपनी ताकत दिखाता है- चाहे वह सर्जिकल स्ट्राइक हो, एयर स्ट्राइक हो या किसी अन्य क्षेत्र में देश का बेहतर प्रदर्शन- तो उसकी सराहना होनी चाहिए। इसकी आलोचना करना, जनता के बीच भ्रम फैलाना या विदेश जाकर अपने ही देश के संस्थानों को बदनाम करना पूरी तरह गलत है।
उन्होंने कहा कि जब वहां सभी लोग एक ही भावना रखते हैं, तो आप जाकर विवाद कैसे खड़ा कर सकते हैं।
गरीबों की मजदूरी के लिए कार्यदिवसों की संख्या 100 से बढ़ाकर 125 की गई
‘जी राम जी’ बिल पर विपक्ष के हंगामे को लेकर विजय शर्मा ने कहा कि यदि गरीबों की मजदूरी के लिए कार्यदिवसों की संख्या 100 से बढ़ाकर 125 कर दी गई है, तो इसमें विरोध की क्या बात है? उन्होंने सवाल किया कि गांवों में इससे किसी एक व्यक्ति को क्या नुकसान हुआ है? सरकार के अंदरूनी कामकाज से जुड़ी दिक्कतों का गांवों पर क्या प्रभाव पड़ा है? गांवों में सिर्फ इतना बदलाव हुआ है कि 100 दिन की जगह अब 125 दिन का काम मिल रहा है। इसमें लड़ने जैसी कोई बात नहीं है।
प्रदेश सरकार के दो साल के कार्यकाल की उपलब्धियों की दी जानकारी
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के बाद वे आ रहे हैं। इस दौरान सरकार के दो साल के कार्यकाल की उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी। (इनपुट: आईएएनएस)


