भारत और माली ने संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में विश्व कपास दिवस मनाया

संयुक्त राष्ट्र में भारत और माली के स्थायी मिशनों ने विश्व कपास दिवस के अवसर पर 7 अक्टूबर 2026 को न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में “कॉटन फॉर सस्टेनेबिलिटी: लाइवलीहुड्स, वैल्यू एडीशन एंड पार्टनरशिप” विषय पर संयुक्त रूप से एक कार्यक्रम आयोजित किया।

संयुक्त राष्ट्र महासभा ने संकल्प 75/318 के माध्यम से 7 अक्टूबर को विश्व कपास दिवस घोषित किया था। यह दिवस आर्थिक विकास, अंतरराष्ट्रीय व्यापार और गरीबी उन्मूलन में कपास की भूमिका की ओर ध्यान आकर्षित करता है, विशेष रूप से विकासशील और अल्पविकसित देशों में। इस कार्यक्रम में भारत के सांसदों, सदस्य देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा आजीविका, मूल्य संवर्धन और सतत विकास लक्ष्यों में कपास के योगदान पर चर्चा की। वस्त्र मंत्रालय ने आज शुक्रवार को एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी।

इस अवसर पर संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत हरीश पर्वतनेनी ने महात्मा गांधी द्वारा कपास और चरखे को आत्मनिर्भरता, गरिमा तथा भारत के स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ने का स्मरण किया। अपने संबोधन में उन्होंने चार प्राथमिकताओं पर प्रकाश डाला- उत्पादकों की आजीविका को समर्थन देना, मूल्य संवर्धन और बाजारों तक पहुंच का विस्तार करना, सततता को बढ़ावा देना तथा प्रौद्योगिकी और साझेदारियों को सुदृढ़ करना। इसके अलावा, उन्होंने किफायती इनपुट और वित्त की उपलब्धता, छोटे उद्यमों को सहायता तथा दक्षिण-दक्षिण और त्रिकोणीय सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया, जिससे कपास उत्पादक देश अधिक मूल्य बनाए रख सकें और सतत विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ा सकें।

वहीं, संयुक्त राष्ट्र में माली के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत इस्सा कोनफूरू ने माली की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण आजीविका के लिए कपास के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने प्रसंस्करण क्षमता की कमी, कच्चे माल की लागत, बाजार तक पहुंच और व्यापार को विकृत करने वाली सहायता से उत्पन्न चुनौतियों पर जोर दिया। कोनफूरू ने दक्षिण-दक्षिण सहयोग सहित पारस्परिक रूप से लाभकारी साझेदारियों का स्वागत किया और भारत को एक प्रमुख साझेदार के रूप में स्वीकार किया।

इस दौरान, वस्त्र मंत्रालय की संयुक्त सचिव पद्मिनी सिंगला ने कपास के एक प्रमुख उत्पादक और उपभोक्ता के रूप में भारत की भूमिका तथा छोटे और सीमांत किसानों के लिए इस क्षेत्र के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कपास उत्पादकता मिशन और कस्तूरी कॉटन भारत पहल की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए उत्पादकता, गुणवत्ता और स्रोत का पता लगाने की क्षमता में सुधार पर जोर दिया। सिंगला ने वस्त्र अवसंरचना में निवेश, कारीगरों और छोटे उद्यमों को सहायता तथा सतत कपास मूल्य श्रृंखलाओं के लिए खुले और पूर्वानुमेय व्यापार तथा बाजार तक पहुंच के महत्व को भी रेखांकित किया। 

RELATED ARTICLES

3 hours ago | Brazil

भारत और ब्राज़ील ने सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल विकसित करने के लिए मिलाया हाथ, नई अंतरिक्ष साझेदारी

भारत और ब्राज़ील अपने लंबे अंतरिक्ष सहयोग को एक नए स्तर पर ले जा रहे हैं। दोनों देशों की कंपनियो...

7 hours ago | Amish Shah

भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद अमीष शाह ने टैरिफ में कटौती और नफरत रोकने का उठाया मुद्दा

अमेरिकी कांग्रेस के लिए निर्वाचित भारतीय मूल के अमीष शाह ने आयात शुल्क (टैरिफ) वापस लेने और टैरि...