भारत और सऊदी अरब ने संसदीय सहयोग तथा आदान-प्रदान को मजबूत करने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा करने पर चर्चा की। यह बातचीत सऊदी अरब में भारत के राजदूत विपुल और शूरा काउंसिल के स्पीकर डॉ. अब्दुल्ला अल अल-शेख के बीच 29 सितंबर को हुई बैठक के दौरान हुई। सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि बैठक में दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी पर चर्चा हुई। इसमें संसदीय सहयोग और आदान-प्रदान को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। दोनों पक्षों ने भारतीय संसद और शूरा काउंसिल के बीच संबंधों सहित कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के तरीकों पर भी बात की।
शूरा काउंसिल ने भी दी बैठक की जानकारी
शूरा काउंसिल ने अपने पोस्ट में कहा कि बैठक के दौरान सऊदी अरब और भारत के द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की गई। विभिन्न क्षेत्रों में इन्हें मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा हुई, खासकर शूरा काउंसिल और भारतीय संसद के बीच संसदीय संबंधों को साझा हितों के अनुरूप आगे बढ़ाने पर। बैठक में शूरा काउंसिल के सदस्य और सऊदी-भारतीय संसदीय मैत्री समिति के अध्यक्ष मेजर जनरल डॉ. अब्दुल रहमान अल-हरबी भी मौजूद रहे।
पिछले दिनों हुईं अन्य महत्वपूर्ण मुलाकातें
इससे पहले 20 सितंबर को राजदूत विपुल ने रियाद के गवर्नर प्रिंस फैसल बिन बंदर बिन अब्दुलअजीज अल सऊद से मुलाकात की थी। इसमें व्यापार, निवेश, ऊर्जा, तकनीक, शिक्षा, संस्कृति और लोगों के बीच संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा हुई। राजदूत ने सऊदी अरब में भारतीय समुदाय को दिए जा रहे समर्थन के लिए गवर्नर का आभार भी व्यक्त किया।10 सितंबर को राजदूत विपुल ने सऊदी अरब के रक्षा राज्य मंत्री डॉ. खालिद बिन हुसैन अल बियारी से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने रक्षा सहयोग पर बात की और क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई गई।
विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह की सऊदी यात्रा
विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह 5 से 8 सितंबर तक सऊदी अरब की आधिकारिक यात्रा पर थे। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण, जल और कृषि उप-मंत्री मंसूर हिलाल अल मुशैती से मुलाकात कर पर्यावरण तथा जलवायु कार्रवाई में सहयोग पर चर्चा की। मंत्री ने अल फनार कंपनी के लेबर कैंप में भारतीय कामगारों से भी मुलाकात की और उनकी भूमिका की सराहना की। उन्होंने विदेशों में रह रहे भारतीय समुदाय, खासकर कामगारों के कल्याण के प्रति भारत सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।सिंह ने सऊदी अरब के विदेश राज्य मंत्री और जलवायु दूत अदेल अल-जुबेर से भी मुलाकात की। दोनों ने द्विपक्षीय संबंधों की स्थिति की समीक्षा की और जलवायु कार्रवाई पर सहयोग को लेकर चर्चा की। (इनपुट-एजेंसी)


