नीदरलैंड के विदेश मंत्री डेविड वैन वील और विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शुक्रवार को द्विपक्षीय बैठक की। इस बैठक में व्यापार, रक्षा, शिपिंग, जल प्रबंधन, कृषि, स्वास्थ्य और संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में आपसी सहयोग पर चर्चा हुई। इसके अलावा, दोनों नेताओं ने बहुपक्षीय सहयोग और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया। बैठक के दौरान विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
भारत और नीदरलैंड उन मुद्दों पर मिलकर काम करते हैं, जो दोनों देशों के साझा भविष्य को देते हैं आकार
डेविड वैन वील ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “भारत और नीदरलैंड उन मुद्दों पर मिलकर काम करते हैं, जो हमारे साझा भविष्य को आकार देते हैं। दोनों देशों ने रक्षा, साइबर और सेमीकंडक्टर समेत कई क्षेत्रों में छह एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। मंत्री एस. जयशंकर के साथ मेरी बैठक में हमने क्षेत्रीय स्थिरता, इंडो-पैसिफिक और तेजी से बदलती दुनिया में आवश्यक सहयोग पर चर्चा की।”
छह नए एमओयू पर हस्ताक्षर
उन्होंने आगे कहा, “इस दौरे के साथ हम अगला कदम उठा रहे हैं। हम छह नए एमओयू पर हस्ताक्षर कर रहे हैं, जिनमें रक्षा, साइबर और सेमीकंडक्टर शामिल हैं। इस तरह भारत और नीदरलैंड नवाचार और अर्थव्यवस्था में एक साथ निवेश कर रहे हैं।”
गुरुवार को डेविड वैन वील ने दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से की थी मुलाकात
इससे पहले गुरुवार को डेविड वैन वील ने दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की थी। बातचीत के बाद डेविड वैन वील ने ‘एक्स’ पर लिखा, “सुरक्षा सहयोग विश्वास पर निर्भर करता है। भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मैंने एक लेटर ऑफ इंटेंट पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसमें रक्षा और समुद्री सुरक्षा में हमारी साझेदारी को और गहरा करने की साझा प्रतिबद्धता व्यक्त की गई है। इसमें इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में खुले और सुरक्षित समुद्री मार्गों की सुरक्षा के प्रयास शामिल हैं।”
विदेश मामलों की संसदीय समिति के अध्यक्ष शशि थरूर से भी की मुलाकात
इसके अलावा, उन्होंने कांग्रेस सांसद और विदेश मामलों की संसदीय समिति के अध्यक्ष शशि थरूर से भी मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई और यह भी समझने का प्रयास किया गया कि घरेलू बहसें विदेश नीति को किस तरह आकार देती हैं। (इनपुट: आईएएनएस)


