भारत ने यूएनएससी सुधार वार्ता को बताया अव्यावहारिक, रचनात्मक कदम उठाने की अपील

भारत समेत कई अन्य देश संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार की लंबे समय से मांग कर रहे हैं। वैश्विक मंचों पर कई बार इस मुद्दे को उठाया गया है। हालिया अपडेट में भारत ने यूएनएससी में सुधार के लिए लगभग दो दशक से चल रही निरर्थक वार्ता को “हास्यास्पद नाटक” बताया और एक रचनात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए कहा। 

योजना पटेल ने कहा सदस्य देश बयानों और चर्चाओं के कभी ना खत्म होने वाले ऐसे चक्र में फंसे हैं, जिनका कोई नतीजा नहीं निकलता

दरअसल, भारत की उप-स्थायी प्रतिनिधि योजना पटेल ने मंगलवार को यूएन में सुधार पर अंतर-सरकारी वार्ता (आईजीएन) का हवाला देते हुए कहा, “आईजीएन की शुरुआत के बाद से 17 वर्षों में एक बेतुके रंगमंच में तब्दील हो गया है।” उन्होंने परिषद सुधार पर महासभा की बैठक में कहा, “सदस्य देश बयानों और चर्चाओं के कभी ना खत्म होने वाले ऐसे चक्र में फंसे हैं, जिनका कोई नतीजा नहीं निकलता।” योजना पटेल ने कहा कि सुधार प्रक्रिया में विश्वसनीयता लाने के लिए, भारत पारदर्शी लक्ष्यों और समय-सीमाओं के साथ सीखने पर आधारित वार्ताओं को शीघ्र शुरू करने का अपना आह्वान दोहराता है।

पटेल ने कहा कि भारत को उम्मीद है कि आईजीएन के नवनियुक्त सह-अध्यक्ष मौजूदा सत्र के दौरान चर्चाओं को ठोस परिणामों तक ले जा पाएंगे

इसके अलावा, उन्होंने इस बात पर भी जोर डाला कि आखिर यूएन में सुधार की प्रक्रिया आगे क्यों नहीं बढ़ पा रही है, इसपर विचार करने की जरूरत है। उन्होंने पूछा, “क्या हम ठोस प्रगति हासिल करने के लिए ईमानदारी से काम करने को तैयार हैं, या हम इस अंतहीन चक्र में फंसे रहने के लिए अभिशप्त हैं?” पटेल ने कहा कि भारत को उम्मीद है कि आईजीएन के नवनियुक्त सह-अध्यक्ष मौजूदा सत्र के दौरान चर्चाओं को ठोस परिणामों तक ले जा पाएंगे। असेंबली अध्यक्ष अन्नालेना बेरबॉक ने कुवैत के स्थायी प्रतिनिधि तारिक एमएएम अलबनाई और नीदरलैंड के लीसे ग्रेगोइरे-वान हारेन को आईजीएन का सह-अध्यक्ष नियुक्त किया है।

यह समूह प्रतिक्रिया के नाम पर अलग-अलग हथकंडे अपनाता है ताकि वार्ता के मानदंडों को रेखांकित करने और प्रगति पर चर्चा को रोका जा सके

दरअसल, आईजीएन में प्रगति को उन देशों के एक छोटे समूह द्वारा अवरुद्ध किया जा रहा है जो खुद को यूनाइटेड फॉर कंसेंसस (यूएफसी) कहते हैं। यह समूह प्रतिक्रिया के नाम पर अलग-अलग हथकंडे अपनाता है ताकि वार्ता के मानदंडों को रेखांकित करने और प्रगति पर चर्चा को रोका जा सके।

इटली के नेतृत्व वाले और पाकिस्तान से युक्त इस समूह का प्राथमिक उद्देश्य परिषद में नए स्थायी सदस्यों को शामिल होने से रोकना है

इटली के नेतृत्व वाले और पाकिस्तान से युक्त इस समूह का प्राथमिक उद्देश्य परिषद में नए स्थायी सदस्यों को शामिल होने से रोकना है। इसे लेकर पटेल ने कहा, “धैर्य और आम सहमति बनाने का आह्वान किया गया है, लेकिन आम सहमति, जब वीटो के रूप में दूसरे नाम से इस्तेमाल की जाती है, तो समावेशन का नहीं, बल्कि अवरोध का साधन बन जाती है।”

पटेल ने इस्लामिक सहयोग संगठन (ओआईसी) के सदस्यों के लिए सीटें आवंटित करने के प्रस्तावों की आलोचना की

उन्होंने कहा कि परिषद को अपनी संरचना में निहित ऐतिहासिक अन्याय को ठीक करने के लिए स्थायी सदस्यों को जोड़ना चाहिए, विशेष रूप से अफ्रीकी देशों के लिए, न कि केवल अस्थायी सदस्यों के लिए।पटेल ने इस्लामिक सहयोग संगठन (ओआईसी) के सदस्यों के लिए सीटें आवंटित करने के प्रस्तावों की आलोचना की। उन्होंने कहा, “आस्था परिषद में पात्रता का निर्धारण मानदंड नहीं बन सकती।”

भारत, ब्राज़ील, जर्मनी और जापान का जी4 समूह यूएनएससी में स्थायी सदस्यता विस्तार और सुधारित परिषद में परस्पर समर्थन की वकालत करता है

भारत, ब्राज़ील, जर्मनी और जापान मिलकर जी4 समूह बनाते हैं, जो संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की स्थायी सदस्यता के विस्तार का लंबे समय से समर्थन करता है और एक सुधारित परिषद में एक-दूसरे की दावेदारी का समर्थन करता है। जी4 की ओर से बोलते हुए ब्राज़ील के स्थायी प्रतिनिधि सर्जियो फ्रैंका डैनीज ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र को व्यापक रूप से “अप्रभावी” माना जा रहा है और वह बड़ी चुनौतियों का सामना कर रहा है। इसलिए, उन्होंने जोर देकर कहा, “सुधार कोई विकल्प नहीं, बल्कि अनिवार्यता है। हमें बातचीत पर चर्चा करना छोड़कर वास्तविक बातचीत शुरू करनी चाहिए।”(इनपुट-आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

2 hours ago | BRICS

भारत-वियतनाम रक्षा सहयोग को नई गति, मेड-इन-इंडिया सामग्री की आपूर्ति बढ़ाने पर जोर

विदेश मंत्री एस. जयशंकर और वियतनाम के विदेश मंत्री ले होआई ट्रुंग ने सोमवार को नई दिल्ली में भार...

3 hours ago | Annapurna Devi

महिला आर्थिक समूहों से डिजिटल सुरक्षा तक, भारत-नाइजीरिया के बीच सहयोग पर बनी सहमति

महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने नई दिल्ली में नाइजीरिया गणराज्य की महिला विषयों ...

6 hours ago | economic cooperation

भारत-मर्कोसुर व्यापार समझौते के विस्तार पर वार्ता शुरू, आर्थिक संबंध होंगे मजबूत

भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और उरुग्वे के विदेश मंत्री मारियो लुबेटकिन ने मर्क...