एआई और सेमीकंडक्टर में तेजी से आगे बढ़ता भारत, छोटे एआई मॉडल बन रहे गेमचेंजर

आईबीएम के चेयरमैन और सीईओ अरविंद कृष्णा ने कहा है कि भारत को अपनी ‘एआई संप्रभुता’ मजबूत करने के लिए सेमीकंडक्टर, एआई मॉडल और उनके वास्तविक जीवन में उपयोग वाले एप्लिकेशन पर रणनीतिक रूप से ध्यान देना चाहिए। उन्होंने भारतीय उद्यमियों से देश के भीतर ही मजबूत और आत्मनिर्भर एआई क्षमताएं विकसित करने का आह्वान किया।

छोटे एआई मॉडल कर रहे बड़ा प्रदर्शन

वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (डब्ल्यूईएफ) की वार्षिक बैठक के दौरान दावोस में बोलते हुए अरविंद कृष्णा ने कहा कि अब छोटे और खास कार्यों के लिए तैयार किए गए एआई मॉडल, बड़े एआई मॉडल के बराबर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे स्पेशलाइज्ड एआई मॉडल का उपयोग अब करीब 95% तक पहुंच चुका है।

भारत के लिए बदलाव के तीन अहम क्षेत्र

आईबीएम प्रमुख ने कहा कि भारत के लिए असली बदलाव सेमीकंडक्टर निर्माण, एआई मॉडल डेवलपमेंट और एआई आधारित एप्लिकेशन के क्षेत्र में होगा। उनके अनुसार, यही वे क्षेत्र हैं जहां भारत वैश्विक स्तर पर बड़ी सफलता हासिल कर सकता है।

स्थानीय डेटा से बने एआई समाधान जरूरी

उन्होंने चीन के डीपसीक का उदाहरण देते हुए कहा कि एआई में सफलता कई बार असफल प्रयोगों के बाद मिलती है। अरविंद कृष्णा ने जोर देकर कहा कि भारत को हेल्थकेयर, डिफेंस और कानून जैसे क्षेत्रों में स्थानीय डेटा पर आधारित एआई सिस्टम विकसित करने चाहिए, ताकि देश की जरूरतों के अनुरूप समाधान तैयार हो सकें। इसके लिए नए प्रयोग और असफलता को स्वीकार करने की संस्कृति जरूरी है।

भारत में तेजी से बढ़ रहा एआई इकोसिस्टम

इसी कार्यक्रम में केंद्रीय आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारतीय आईटी कंपनियां तेजी से एआई को अपना रही हैं, जिससे इस सेक्टर में रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि भारत इस समय 12 एआई मॉडल विकसित कर रहा है, जिनमें से कम से कम चार मॉडल जल्द लॉन्च किए जाएंगे।

सेक्टर-स्पेसिफिक एआई मॉडल पर फोकस

आईटी मंत्री ने कहा कि भारत छोटे लेकिन विशिष्ट उद्योगों के लिए तैयार किए गए एआई मॉडल पर ध्यान केंद्रित कर रहा है, जो अलग-अलग सेक्टर में उत्पादकता बढ़ाने में मदद करेंगे। उन्होंने बताया कि एआई से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं में भारत अब तक करीब 70 अरब डॉलर का निवेश आकर्षित कर चुका है, जिसमें गूगल और अमेजन जैसी कंपनियों के डेटा सेंटर शामिल हैं।

सेमीकंडक्टर कार्यक्रम में तेज प्रगति

अश्विनी वैष्णव ने भारत के सेमीकंडक्टर कार्यक्रम में हो रही प्रगति की जानकारी देते हुए कहा कि देश में 10 सेमीकंडक्टर फैब प्लांट निर्माणाधीन हैं, तीन पायलट प्रोजेक्ट चल रहे हैं और चार यूनिट 2026 में व्यावसायिक रूप से काम शुरू करेंगी।

एआई कंप्यूटिंग के लिए ऊर्जा व्यवस्था

उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र को परमाणु ऊर्जा उत्पादन में अनुमति देने से बड़े पैमाने पर एआई कंप्यूटिंग के लिए आवश्यक ऊर्जा उपलब्ध हो सकेगी, जिससे एआई इन्फ्रास्ट्रक्चर को और मजबूती मिलेगी।

सेमीकंडक्टर मांग में तेज उछाल

एक हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर सेक्टर तेजी से बढ़ रहा है। देश की सेमीकंडक्टर मांग 2022 में 33 अरब डॉलर से बढ़कर 2030 तक 117 अरब डॉलर तक पहुंच सकती है।

रणनीतिक कच्चे माल पर सरकार का जोर

सरकार की 7,280 करोड़ रुपए की रेयर अर्थ परमानेंट मैग्नेट (आरईपीएम) योजना से सेमीकंडक्टर निर्माण को मजबूती मिलेगी और रणनीतिक कच्चे माल की सुरक्षित आपूर्ति सुनिश्चित होगी। (इनपुट: आईएएनएस)