ऑस्ट्रेलिया में भारतीय निर्यात पर 1 जनवरी से जीरो ड्यूटी, श्रम-प्रधान उद्योगों को बड़ी राहत: पीयूष गोयल

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा कि 100 प्रतिशत भारतीय निर्यात पर एक जनवरी से ऑस्ट्रेलिया में जीरो ड्यूटी लगेगी और इससे अधिक श्रम उपयोग वाले उद्योगों को फायदा होगा। साथ ही कई उद्योगों के लिए नए अवसर खुलेंगे। 

पीयूष गोयल ने कहा, सीईसीए वार्ताओं और भारत-ऑस्ट्रेलिया समझौते से इंडो-पैसिफिक भागीदारी बढ़ी, मेक इन इंडिया मजबूत हुआ

गोयल ने आगे कहा कि कॉम्प्रिहेंसिव इकोनॉमिक कॉरपोरेशन एग्रीमेंट (सीईसीए) के लिए कई देशों के साथ भारत बातचीत कर रहा है। भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापार समझौते से इंडो-पैसिफिक में देश की आर्थिक भागीदारी बढ़ रही है और यह मेक इन इंडिया और विकसित भारत 2047 के विजन के अनुरूप है।

तीसरी सालगिरह पर गोयल ने कहा, भारत-ऑस्ट्रेलिया समझौता इरादों को अवसर में बदलकर साझा समृद्धि और भरोसेमंद व्यापार बढ़ा रहा

भारत-ऑस्ट्रेलिया आर्थिक सहयोग और व्यापार समझौते की तीसरी सालगिरह पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हम एक ऐसी साझेदारी का जश्न मना रहे हैं, जिसने इरादों को अवसर में बदला है। गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “साथ मिलकर, भारत और ऑस्ट्रेलिया साझा समृद्धि और भरोसेमंद व्यापार का भविष्य बना रहे हैं।”

गोयल ने कहा, समझौते से तीन वर्षों में निर्यात बढ़ा, बाजार पहुंच सुधरी, सप्लाई-चेन मजबूत हुई और सभी वर्गों को लाभ मिला

गोयल के अनुसार, पिछले तीन सालों में इस समझौते से लगातार एक्सपोर्ट ग्रोथ, बेहतर मार्केट एक्सेस और मजबूत सप्लाई-चेन मिली है, जिससे भारतीय निर्यातकों, एमएसएमई, किसानों और मजदूरों सभी को फायदा हुआ है।

वित्त वर्ष 2024-25 में ऑस्ट्रेलिया को निर्यात 8 प्रतिशत बढ़ा, मैन्युफैक्चरिंग, केमिकल्स, टेक्सटाइल्स सहित कई क्षेत्रों में मजबूत वृद्धि हुई

वित्त वर्ष 2024-25 में ऑस्ट्रेलिया को भारत का निर्यात 8 प्रतिशत बढ़ा, जिससे भारत का व्यापार संतुलन बेहतर हुआ। मैन्युफैक्चरिंग, केमिकल्स, टेक्सटाइल्स, प्लास्टिक, फार्मास्यूटिकल्स, पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स और रत्न और आभूषण जैसे क्षेत्रों में अच्छी बढ़ोतरी देखी गई।

कृषि निर्यात में फल-सब्जी, समुद्री उत्पाद, मसाले, कॉफी में बढ़ोतरी; अप्रैल-नवंबर 2025 में रत्न-आभूषण निर्यात 16% बढ़ा, दर्ज हुई, तेजी

केंद्रीय मंत्री ने कहा, “कृषि निर्यात में बड़े पैमाने पर बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिसमें फल और सब्जियों, समुद्री उत्पादों, मसालों में अच्छी वृद्धि हुई और कॉफी के निर्यात में बड़ी बढ़त दर्ज की गई। अप्रैल-नवंबर 2025 में रत्न और आभूषण का निर्यात 16 प्रतिशत बढ़ा है।”

भारत ने न्यूजीलैंड से व्यापार समझौता किया, सभी टैरिफ लाइनों पर भारतीय निर्यात को जीरो ड्यूटी मिलेगी, जल्द प्रभावी होगा

भारत ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के पड़ोसी देश न्यूजीलैंड के साथ भी व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इसमें भी न्यूजीलैंड अपनी सभी टैरिफ लाइनों पर भारतीय निर्यात पर जीरो ड्यूटी लगाएगा। चालू वित्त वर्ष के अप्रैल-सितंबर 2025 के दौरान भारत के सामान और सेवाओं का कुल निर्यात बढ़कर रिकॉर्ड 418.91 अरब डॉलर हो गया। इसमें पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 5.86 प्रतिशत की वृद्धि देखने को मिली है।(इनपुट-आईएएनएस)