केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को नई दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर स्थित स्टाइन ऑडिटोरियम में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन ‘विकसित भारत की राह: शताब्दी सम्मेलन’ के समापन सत्र को संबोधित किया। दिल्ली विश्वविद्यालय के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) की ओर से आयोजित सम्मेलन में उन्होंने युवाओं से ऊर्जा, वित्त और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों की चुनौतियों को उत्पादक उद्यमों में बदलने और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
निरंतरता और बदलाव के संबंध पर दिया जोर
प्रमुख शिक्षकों, आर्थिक विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं और छात्रों को संबोधित करते हुए हरदीप सिंह पुरी ने भारत की विकास यात्रा में निरंतरता और बदलाव के बीच महत्वपूर्ण संबंध पर विचार रखे। एसआरसीसी के शताब्दी वर्ष का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि औपनिवेशिक शासन के दौरान स्थापित यह संस्थान आज युवा भारतीयों को वैश्विक उद्यमों का नेतृत्व करने और व्यापक संभावनाओं वाले देश में सार्वजनिक नीतियों को आकार देने के लिए तैयार कर रहा है।
शिक्षा को व्यावहारिक चुनौतियों से जोड़ने की अपील
दार्शनिक अल्फ्रेड नॉर्थ व्हाइटहेड का उल्लेख करते हुए पुरी ने कहा कि विश्वविद्यालय का कार्य कल्पनाशीलता और अनुभव को एक साथ जोड़ना है। उन्होंने छात्रों से वाणिज्य और अर्थशास्त्र में प्राप्त अपनी शैक्षणिक शिक्षा का उपयोग विवेकपूर्ण निर्णय लेने, स्थापित मान्यताओं पर सवाल उठाने और व्यावहारिक चुनौतियों को उत्पादक उद्यमों में बदलने के लिए करने का आग्रह किया।
समुद्र मंथन योजना से अपतटीय ऊर्जा क्षमता पर जोर
पुरी ने बताया कि भारत सरकार ने 84,084 करोड़ रुपए के परिव्यय वाली समुद्र मंथन योजना (राष्ट्रीय अपतटीय अन्वेषण योजना) को मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य भारत की अपतटीय हाइड्रोकार्बन संभावनाओं का दोहन करना और देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करना है। योजना के तहत अन्वेषण कार्यों में तेजी लाने, आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल, साझा बुनियादी ढांचे के निर्माण और घरेलू विनिर्माण को मजबूत करने पर ध्यान दिया जाएगा।
गोबरधन योजना को बताया व्यावसायिक अवसर
ऊर्जा क्षेत्र और सतत आर्थिक विकास पर जोर देते हुए पुरी ने एक अक्टूबर को शुरू की गई गोबरधन योजना का उल्लेख किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘अपशिष्ट से धन’ और ‘अन्नदाता से ऊर्जादाता’ के दृष्टिकोण को रेखांकित करते हुए कहा कि कृषि अवशेषों और जैविक कचरे को घरेलू ऊर्जा में बदलना एक व्यावहारिक व्यावसायिक अवसर है। इससे किसानों को लाभ मिलेगा, आर्थिक प्रतिफल पैदा होगा और देश की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी।
वैश्विक संकटों के बीच भारत की ऊर्जा क्षमता मजबूत हुई
वैश्विक आर्थिक उथल-पुथल और भू-राजनीतिक व्यवधानों के बीच भारत की मजबूती का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया में हाल के संकटों के दौरान भारत ने ऊर्जा स्रोतों में विविधता लाकर और घरेलू क्षमताओं को मजबूत करके आवश्यक ईंधन की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने में सफलता हासिल की।
युवाओं से विश्वस्तरीय भारतीय संस्थान बनाने का आह्वान
एसआरसीसी की अपनी हालिया यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान को दोहराते हुए पुरी ने युवा छात्रों से सवाल किया कि जब भारतीय प्रतिभाएं दुनिया के प्रमुख वैश्विक निगमों का नेतृत्व कर रही हैं, तो भारतीय उद्यम दुनिया का नेतृत्व क्यों नहीं कर सकते। उन्होंने युवाओं से विश्वसनीयता, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय भरोसे पर आधारित विश्वस्तरीय भारतीय संस्थानों और उद्यमों के निर्माण की चुनौती स्वीकार करने का आह्वान किया।
2047 तक विकसित भारत में युवाओं की भूमिका अहम
अपने संबोधन के समापन पर हरदीप सिंह पुरी ने विश्वास जताया कि अपने पेशेवर जीवन के सबसे महत्वपूर्ण दौर में प्रवेश कर रहे युवा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में अग्रणी भूमिका निभाएंगे।
नीतिगत प्राथमिकताओं और आर्थिक विकास पर हुआ मंथन
दो दिवसीय शताब्दी सम्मेलन में प्रमुख नीति निर्माता, अर्थशास्त्री और छात्र शामिल हुए। सम्मेलन के दौरान भारत के भविष्य के लिए नीतिगत प्राथमिकताओं, वित्तीय समन्वय और आर्थिक विकास के रास्तों पर विचार-विमर्श किया गया। (इनपुट: पीआईबी)


