स्किल और संस्कार से भारतीय युवाओं ने जीता दुनिया का भरोसा: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारतीय युवाओं के स्किल और संस्कार पर आज पूरी दुनिया भरोसा कर रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय युवा जितने परिश्रमी हैं, उतने ही प्रोफेशनल भी हैं, यही वजह है कि वैश्विक स्तर पर उनकी मांग लगातार बढ़ रही है।

एनसीसी रैली में युवाओं को किया संबोधित

प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को नई दिल्ली के करियप्पा ग्राउंड में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की रैली में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने एनसीसी कैडेट्स को संबोधित करते हुए युवाओं की भूमिका और सामर्थ्य की सराहना की।

‘युवाओं के लिए यह सबसे ज्यादा अवसरों का समय’

पीएम मोदी ने कहा, “मैंने लाल किले से कहा था कि यही समय है, सही समय है। हमारे देश के युवाओं के लिए आज का यह समय सबसे ज्यादा अवसरों का समय है। सरकार का प्रयास है कि इस कालखंड का अधिक से अधिक लाभ हमारे युवाओं को मिले। इसका एक उदाहरण आपने कल ही देखा है, जब भारत और यूरोप के बीच ऐतिहासिक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर सहमति बनी है।”

स्किल और संस्कार बना वैश्विक भरोसे की वजह

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत के युवाओं की ओर भरोसे से देख रही है। उन्होंने कहा, “दुनिया के इस भरोसे का कारण स्किल और संस्कार हैं। भारत के युवाओं के पास लोकतंत्र के संस्कार हैं। विविधता का सम्मान करने और पूरी दुनिया को एक परिवार मानने के संस्कार हैं। यही कारण है कि भारतीय युवा जहां भी जाते हैं, वहां के समाज में आसानी से घुल-मिल जाते हैं और लोगों के दिल जीत लेते हैं।”

मातृभूमि के प्रति श्रद्धा, कर्मभूमि के प्रति समर्पण

पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय युवा जिस देश में काम करते हैं, वहां के विकास में भी योगदान देते हैं। उन्होंने कहा, “मातृभूमि के प्रति अपार श्रद्धा और कर्मभूमि के प्रति अप्रतिम समर्पण हमारी विरासत है। यही हमारा स्वभाव है।”

वैश्विक नेताओं से संवाद का अनुभव साझा किया

प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया भर के नेताओं से बातचीत के आधार पर वह पूरे विश्वास के साथ कह सकते हैं कि भारतीय युवा मेहनती होने के साथ-साथ अत्यंत प्रोफेशनल भी होते हैं। उन्होंने कहा, “इसी वजह से भारतीय युवाओं की वैश्विक स्तर पर बहुत डिमांड रहती है।”

डॉक्टर, इंजीनियर और शिक्षकों का वैश्विक योगदान

पीएम मोदी ने कहा कि खाड़ी देशों समेत कई हिस्सों में भारतीय युवा वर्षों से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय डॉक्टर और इंजीनियर दुनिया भर में हेल्थकेयर और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बना रहे हैं। वहीं, शिक्षकों ने भी कई देशों के समाज में नई वैल्यू जोड़ी है।

आईटी, स्टार्टअप और स्पेस सेक्टर में क्रांति

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय युवाओं के योगदान से ही भारत आज दुनिया की इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी की बैकबोन बना है। उन्होंने कहा कि युवाओं की शक्ति से स्टार्टअप, स्पेस और डिजिटल टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में एक नया रिवॉल्यूशन शुरू हुआ है, जिसे पूरी दुनिया सराह रही है। (इनपुट: आईएएनएस)