भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने सोमवार को द्विपक्षीय वार्ता के बाद संयुक्त बयान जारी किया। कार्नी ने कहा कि पिछले साल दोनों देशों की सरकारों के बीच जितना जुड़ाव हुआ है, उतना दो दशकों से अधिक समय में नहीं देखा गया। उन्होंने इसे नए इरादे, स्पष्ट फोकस और दूरदर्शिता के साथ आगे बढ़ती साझेदारी बताया।

द्विपक्षीय संबंधों में नया दौर

कार्नी ने कहा कि भारत और कनाडा दो आत्मविश्वासी देश हैं जो भविष्य के लिए अपना रास्ता खुद बना रहे हैं। उन्होंने जोर दिया कि यह केवल संबंधों का नवीनीकरण नहीं, बल्कि एक कीमती साझेदारी को नई ऊर्जा देने का प्रयास है।

आर्थिक उपलब्धियों पर भारत की सराहना

पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कार्नी ने कहा कि पिछले दस वर्षों में भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। उन्होंने कहा कि इस अवधि में भारत की प्रति व्यक्ति आय में ऐतिहासिक तेजी देखी गई है। कार्नी ने वर्ष 2023 की जी20 अध्यक्षता की थीम ‘एक धरती, एक परिवार, एक भविष्य’ का उल्लेख करते हुए कहा कि वैश्विक चुनौतियों का समाधान सामूहिक प्रयास से ही संभव है।

ऊर्जा सहयोग और स्वच्छ तकनीक पर फोकस

कार्नी ने रणनीतिक ऊर्जा साझेदारी की शुरुआत की घोषणा करते हुए कहा कि दोनों देश ऊर्जा व्यापार को बढ़ाने की दिशा में काम करेंगे। उन्होंने विंड, सोलर और हाइड्रोजन जैसे स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्रों में सहयोग गहरा करने पर जोर दिया और बताया कि कनाडा 2050 तक अपने ग्रिड को दोगुना करने की योजना बना रहा है, जिसमें भारत अहम भागीदार बन सकता है।

डिजिटल भुगतान और समावेशी विकास की सराहना

कनाडा के प्रधानमंत्री ने भारत के डिजिटल भुगतान ढांचे, विशेष रूप से यूपीआई की सराहना करते हुए कहा कि इससे आय समर्थन और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण जैसी योजनाओं में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि कनाडा भी इस नवाचार से सीखने और सहयोग बढ़ाने की संभावनाएं तलाशेगा।

प्रेरक विचार और साझा लक्ष्य

कार्नी ने स्वामी विवेकानंद के प्रसिद्ध संदेश ‘उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको’ का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत और कनाडा साझा लक्ष्यों—‘विकसित भारत 2047’ और ‘कनाडा स्ट्रॉन्ग’—की दिशा में साथ आगे बढ़ेंगे।

यूरेनियम आपूर्ति समझौते के दस्तावेजों का आदान-प्रदान

बैठक के दौरान यूरेनियम ओर कंसन्ट्रेट की आपूर्ति को लेकर सीएएमईसीओ और भारत के डिपार्टमेंट ऑफ एटॉमिक एनर्जी के बीच समझौते के दस्तावेजों का आदान-प्रदान हुआ। इस अवसर पर सस्केचेवान के प्रीमियर स्कॉट मो, सीएएमईसीओ के अध्यक्ष टिम गिट्जेल और कनाडा में भारत के उच्चायुक्त दिनेश पटनायक मौजूद रहे। (इनपुट: आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

18 mins ago | Barcelona Port Visit

‘लोकायन-26’ के तहत आईएनएस सुदर्शिनी की बार्सिलोना यात्रा संपन्न, भारत-स्पेन समुद्री संबंध हुए मजबूत

भारतीय नौसेना के नौवहन प्रशिक्षण पोत आईएनएस सुदर्शिनी ने ‘लोकायन-26’ अभियान के तहत 6 सितंबर 2026 को ...

4 hours ago | Artificial intelligence

अंतरिक्ष से एआई और क्वांटम तकनीक तक, भारत-लक्जमबर्ग ने सहयोग बढ़ाने पर की चर्चा

लक्जमबर्ग के अर्थव्यवस्था, एसएमई, ऊर्जा एवं पर्यटन मंत्री लेक्स डेल्स ने सोमवार को केंद्रीय मं...