चार वर्षों में भारत का REIT बाजार 10.8 लाख करोड़ रुपए तक पहुंचने का अनुमान

भारत के रियल एस्टेट इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट (आरईआईटी) मार्केट का आकार 2029 तक बढ़कर 10.8 लाख करोड़ रुपए होने का अनुमान है। इसमें ऑफिस मार्केट की हिस्सेदारी 65.3 प्रतिशत रहने का अनुमान है। यह जानकारी गुरुवार को जारी हुई एक रिपोर्ट में दी गई।  

जेएलएल के अनुसार भारत के REIT मार्केट ने FY25 में एक लाख करोड़ का बाजार पूंजीकरण हासिल किया

रियल एस्टेट कंसल्टेंसी फर्म जेएलएल की ओर से जारी रिपोर्ट में कहा गया कि भारत के आरईआईटी मार्केट ने वित्त वर्ष 25 में एक लाख करोड़ रुपए से अधिक का बाजार पूंजीकरण हासिल करके बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

आरईआईटी मार्केट का पूंजीकरण FY20 के 264 अरब रुपए से बढ़कर 30 सितंबर 2025 तक 1.6 लाख करोड़ हुआ

रिपोर्ट के मुताबिक, आरईआईटी मार्केट का पूंजीकरण वित्त वर्ष 20 में 264 अरब रुपए से बढ़कर 30 सितंबर 2025 तक बढ़कर 1.6 लाख करोड़ रुपए हो गया है। जेएलएल ने बताया कि भारत के आरईआईटी मार्केट में तेज बदलाव आया है और 2019 में 33 मिलियन स्क्वायर फीट के साथ देश में केवल एक आरईआईटी थी और अब देश में कुल पांच लिस्टेड आरईआईटी हो गई हैं, जो कि कुल 174 मिलियन स्क्वायर फीट को मैनेज करती हैं।

जेएलएल की लता पिल्लई ने कहा कि भारत का REIT क्षेत्र उभरती अवधारणा से आकर्षक निवेश माध्यम बन गया है

भारत में जेएलएल की वरिष्ठ प्रबंध निदेशक एवं पूंजी बाजार प्रमुख लता पिल्लई ने कहा, “भारत का आरईआईटी क्षेत्र एक उभरती हुई अवधारणा से एक आकर्षक निवेश माध्यम के रूप में विकसित हुआ है। 6 वर्षों में 40 प्रतिशत की मजबूत सीएजीआर वृद्धि एक संस्थागत परिसंपत्ति वर्ग के रूप में वाणिज्यिक अचल संपत्ति में निवेशकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाती है।”

यूनिट होल्डिंग डेटा दर्शाता है कि म्यूचुअल फंड, इंश्योरेंस, पेंशन और NBFCs की REIT में रुचि बढ़ रही है

यूनिट होल्डिंग पैटर्न दिखाता है कि म्यूचुअल फंड, इंश्योरेंस कंपनियों, पेंशन फंड्स, सॉवरेन वेल्थ फंड और एनबीएफसी की आरईआईटी में रुचि बढ़ रही है। यह दिखाता है कि मार्केट धीरे-धीरे परिपक्व हो रहा है।

देश के शीर्ष सात शहरों में ग्रेड-ए ऑफिस में REIT की हिस्सेदारी जून 2025 तक 15 प्रतिशत पहुंची, ऑक्यूपेंसी 91 प्रतिशत

देश के शीर्ष सात शहरों में ग्रेड ए के ऑफिस में आरईआईटी की हिस्सेदारी जून 2025 तक बढ़कर 15 प्रतिशत हो गई है, जो कि 2019 में 4.2 प्रतिशत थी। आरईआईटी का आधार भी मजबूत बना हुआ है, क्योंकि चार ऑफिस आरईआईटी के द्वारा संचालित ऑफिस में ऑक्यूपेंसी रेट 91 प्रतिशत थी।

सेबी चेयरमैन तुहिन कांत पांडे ने कहा कि REIT और InvIT को बड़े बाजार सूचकांकों में शामिल किया जा सकता है

पिछले हफ्ते सेबी चेयरमैन तुहिन कांत पांडे ने कहा था कि बाजार नियामक रियल एस्टेट इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट (आरईआईटी) और इन्फ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट (इनविट्स) को बड़े बाजार सूचकांकों में शामिल कर सकता है। उन्होंने कहा कि यह कदम पूरी कैलकुलेशन के साथ चरणबद्ध तरीके से उठाया जाएगा। इससे आरईआईटी और इनविट्स में लिक्विडिटी बढ़ेगी और दृश्यता में इजाफा होगा एवं निवेशकों की रुचि बढ़ेगी।(इनपुट-आईएएनएस)