गाजा के लिए अंतरराष्ट्रीय शांति बोर्ड का प्रस्ताव, पीएम मोदी को ट्रंप का निमंत्रण

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाजा के लिए प्रस्तावित शांति बोर्ड का हिस्सा बनने का निमंत्रण दिया है। व्हाइट हाउस की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को एक आधिकारिक पत्र भेजा गया है, जिसे भारत में अमेरिकी राजदूत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया है। पत्र में अमेरिकी राष्ट्रपति ने लिखा है कि भारत के प्रधानमंत्री के रूप में मध्य पूर्व में शांति स्थापित करने और वैश्विक संघर्षों के समाधान के लिए एक नई और साहसिक पहल में पीएम मोदी को अपने साथ जोड़ना उनके लिए बड़े सम्मान की बात है।

गाजा संघर्ष के समाधान के लिए 20-सूत्रीय रोडमैप

प्रधानमंत्री को भेजे गए पत्र में लिखा गया है कि 29 सितंबर 2025 को गाजा संघर्ष को समाप्त करने के लिए एक व्यापक योजना की घोषणा की गई थी। यह 20-सूत्रीय रोडमैप है, जिसे अरब दुनिया, इजराइल और यूरोप सहित कई देशों के प्रमुख नेताओं ने तत्काल स्वीकार किया। पत्र में कहा गया है कि इस योजना को आगे बढ़ाते हुए 17 नवंबर को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने भारी बहुमत से प्रस्ताव 2803 पारित किया, जिसमें इस दृष्टि का स्वागत और समर्थन किया गया।

अंतरराष्ट्रीय शांति बोर्ड की स्थापना का प्रस्ताव

पत्र के अनुसार अब समय आ गया है कि इन लक्ष्यों को वास्तविकता में बदला जाए। इस योजना का केंद्र “शांति बोर्ड” है, जिसे अब तक का सबसे प्रभावशाली और महत्वपूर्ण बोर्ड बताया गया है। यह बोर्ड एक नए अंतरराष्ट्रीय संगठन और अस्थायी शासकीय व्यवस्था के रूप में स्थापित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य गाजा में स्थायी शांति और स्थिरता सुनिश्चित करना है।

वैश्विक नेताओं को साथ लाने की पहल

व्हाइट हाउस की ओर से पत्र में कहा गया है कि यह प्रयास उन प्रतिष्ठित देशों को एक मंच पर लाएगा, जो स्थायी शांति स्थापित करने की जिम्मेदारी उठाने को तैयार हैं। यह सम्मान केवल उन्हीं देशों और नेताओं को मिलेगा, जो उदाहरण प्रस्तुत करते हुए नेतृत्व करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित व समृद्ध भविष्य में निवेश करने को तैयार हैं। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि शीघ्र ही ऐसे सम्मानित और प्रतिबद्ध साझेदारों की बैठक बुलाई जाएगी, जिनमें दुनिया के कई प्रमुख नेता शामिल होंगे।

अमेरिकी राजदूत ने बताया ऐतिहासिक कदम

इस पत्र को साझा करते हुए भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने लिखा कि उन्हें यह जानकारी देते हुए गर्व हो रहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाजा में स्थायी शांति स्थापित करने के उद्देश्य से गठित शांति बोर्ड में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। उन्होंने कहा कि यह बोर्ड प्रभावी शासन के समर्थन के माध्यम से गाजा में स्थिरता और समृद्धि हासिल करने की दिशा में कार्य करेगा। (इनपुट: आईएएनएस)