जी4 देशों का संयुक्त आह्वान: यूएनएससी में तत्काल सुधार जरूरी, परिषद शांति-सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने में असमर्थ

जी4 देशों—भारत, ब्राजील, जर्मनी और जापान—के विदेश मंत्रियों ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में शीघ्र सुधार का जोरदार आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि परिषद वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखने की अपनी मूल जिम्मेदारी को प्रभावी ढंग से निभाने में असमर्थ साबित हो रही है।

भारत, ब्राजील, जर्मनी और जापान ने पुरानी संरचना को ठहराया दोषी

संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के मौके पर मंगलवार को न्यूयॉर्क में हुई मुलाकात में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, ब्राजील के माउरो विएरा, जर्मनी के जोहान डेविड वाडेफुल और जापान के मोतेगी तोशिमित्सु शामिल हुए। संयुक्त मंत्रिस्तरीय बयान में चारों देशों ने कहा कि चुनौतीपूर्ण भू-राजनीतिक माहौल ने सुधार को “पहले से कहीं अधिक आवश्यक” बना दिया है।प्रतिनिधित्व, वैधता और प्रभावकारिता पर उठे सवालबयान में कहा गया, “यूएनएससी वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखने की अपनी मुख्य जिम्मेदारी को प्रभावी ढंग से निभाने में असमर्थ है। इसकी प्रतिनिधित्वशीलता, वैधता, विश्वसनीयता और प्रभावकारिता सवालों के घेरे में है।”

जी4 ने परिषद की कमियों के लिए इसकी “आठ दशक पुरानी वास्तुकला” को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि यह समकालीन भू-राजनीतिक वास्तविकताओं को प्रतिबिंबित नहीं करती और मौजूदा व भविष्य की चुनौतियों का समाधान करने में बाधा बन रही है। परिषद को “उद्देश्य के लिए उपयुक्त” बनाने और वर्तमान वैश्विक हकीकतों को दर्शाने की जरूरत पर जोर दिया गया।

दोनों श्रेणियों में विस्तार और अफ्रीका को समर्थन

चारों देशों ने स्पष्ट किया कि सुधार प्रक्रिया के केंद्र में स्थायी और गैर-स्थायी दोनों श्रेणियों में सुरक्षा परिषद का विस्तार होना चाहिए। अफ्रीका, एशिया-प्रशांत तथा लैटिन अमेरिका और कैरेबियन जैसे कम प्रतिनिधित्व वाले क्षेत्रों को अधिक भागीदारी देने की मांग की गई। जी4 ने अफ्रीकी समूह के सुधार मॉडल का स्वागत करते हुए सदस्यता की स्थायी श्रेणी सहित बढ़े हुए प्रतिनिधित्व के लिए अफ्रीका के पक्ष में अपना समर्थन दोहराया। उन्होंने उन देशों की भागीदारी बढ़ाने का भी आह्वान किया जो अंतरराष्ट्रीय शांति-सुरक्षा और संयुक्त राष्ट्र के उद्देश्यों में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

18 वर्षों से रुकी प्रगति पर चिंता

मंत्रियों ने अंतर-सरकारी वार्ता (आईजीएन) के माध्यम से हुई सीमित प्रगति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया 18 वर्षों से सक्रिय होने के बावजूद ठोस परिणाम नहीं दे सकी। “ब्रिजिंग प्रस्ताव” पर आपत्ति जताते हुए उन्होंने कहा कि यह दोनों श्रेणियों में विस्तार के पक्ष में सदस्य देशों के स्पष्ट बहुमत के विचारों को प्रतिबिंबित नहीं करता। जी4 ने याद दिलाया कि संयुक्त राष्ट्र चार्टर और आईजीएन जनादेश के तहत सुरक्षा परिषद सुधार पर निर्णय के लिए आम सहमति अनिवार्य नहीं है। आगे वे अन्य सुधार-उन्मुख समूहों के साथ मिलकर अभिसरण के क्षेत्रों की पहचान करेंगे और अधिकांश सदस्य देशों के विचारों को दर्शाने वाला समेकित मॉडल विकसित करेंगे। पाठ-आधारित वार्ता शुरू करना उनकी उच्च प्राथमिकता होगी।

डॉ. एस. जयशंकर और जर्मन मंत्री के बयान

बैठक के बाद विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने एक्स पर लिखा, “न्यूयॉर्क #UNGA81 में ब्राजील, जर्मनी और जापान के अपने जी4 समकक्षों के साथ शामिल हुआ। सुधारित बहुपक्षवाद और एक अधिक प्रतिनिधि, उत्तरदायी व प्रभावी संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अनिवार्यता पर चर्चा की जो आज की वैश्विक वास्तविकताओं को प्रतिबिंबित करती है।”

जर्मन विदेश मंत्री जोहान वाडेफुल ने भी कहा कि संयुक्त राष्ट्र की स्थापना के बाद दुनिया में गहरा बदलाव आया है, जिसे इसके सर्वोच्च निर्णय लेने वाले निकाय में प्रतिबिंबित करने की जरूरत है। उन्होंने अफ्रीका की आवाजों को अधिक उचित प्रतिनिधित्व देने पर जोर दिया। जी4 मंत्रियों ने 81वें सत्र के दौरान बारीकी से समन्वय जारी रखने और नई दिल्ली में महानिदेशक स्तर की अगली बैठक में प्रगति का जायजा लेने पर सहमति जताई। डॉ. एस. जयशंकर ने वाडेफुल से अलग मुलाकात में यूक्रेन और खाड़ी क्षेत्र के संकटों पर भी चर्चा की। (इनपुट-एजेंसी)