पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश बने न्यायमूर्ति संगम कुमार साहू, राज्यपाल ने दिलाई शपथ

न्यायमूर्ति संगम कुमार साहू ने बुधवार को पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण की। लोक भवन स्थित राजेंद्र मंडप में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री सहित राज्य सरकार के कई मंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्ति रहे उपस्थित   

इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा, मंत्री विजय कुमार चौधरी, बिहार विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार सहित राज्य सरकार के कई मंत्री, पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, वरिष्ठ अधिवक्ता, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश के रूप में न्यायमूर्ति सुधीर सिंह संभाल रहे थे कार्यभार 

सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने दिसंबर 2025 में हुई अपनी अहम बैठक में न्यायमूर्ति संगम कुमार साहू के नाम की अनुशंसा केंद्र सरकार को भेजी थी। इसके बाद राष्ट्रपति की स्वीकृति मिलने पर केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्रालय ने उनकी नियुक्ति की अधिसूचना जारी की। इससे पहले पटना उच्च न्यायालय में कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश के रूप में न्यायमूर्ति सुधीर सिंह कार्यभार संभाल रहे थे।

शिक्षा और न्यायिक सफर

न्यायमूर्ति संगम कुमार साहू का जन्म 5 जून 1964 को हुआ था। उन्होंने कटक के नया बाजार हाई स्कूल से मैट्रिक और स्टीवर्ट विज्ञान कॉलेज से बीएससी की डिग्री हासिल की। इसके बाद उत्कल विश्वविद्यालय से अंग्रेजी और उड़िया विषय में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की।

न्याय के क्षेत्र में उनकी रुचि उन्हें विरासत में मिली

न्याय के क्षेत्र में उनकी रुचि उन्हें विरासत में मिली और उन्होंने कानून की बारीकियां अपने मार्गदर्शकों से सीखीं। 26 नवंबर 1989 को उन्होंने ओडिशा राज्य बार काउंसिल में वकील के रूप में पंजीकरण कराया। अपने शुरुआती वर्षों में उन्होंने वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. मनोरंजन पंडा के साथ भी कार्य किया।

फौजदारी मामलों में बनाई अलग पहचान

न्यायमूर्ति साहू फौजदारी मामलों के एक प्रतिष्ठित अधिवक्ता के रूप में जाने जाते रहे हैं और इस क्षेत्र में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। 2 जुलाई 2014 को उन्हें ओडिशा हाई कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था, जहां उन्होंने कई वर्षों तक अपने दायित्वों का निर्वहन किया। अब उनके पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभालने से न्यायिक व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। (इनपुट: आईएएनएस)