आईपीआरडी-2026 का शुभारंभ, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में वैज्ञानिक और समुद्री सहयोग बढ़ाने पर जोर

नई दिल्ली में भारतीय नौसेना की वार्षिक उच्चस्तरीय अंतरराष्ट्रीय रणनीतिक वार्ता ‘हिंद-प्रशांत क्षेत्रीय संवाद-2026’ (आईपीआरडी-2026) का 3 नवंबर को शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय इस सम्मेलन का आयोजन भारतीय नौसेना ने अपने ज्ञान साझेदार नेशनल मैरीटाइम फाउंडेशन (एनएमएफ) के सहयोग से किया है। इस वर्ष सम्मेलन का विषय ‘हिंद-प्रशांत क्षेत्र में विज्ञान, प्रौद्योगिकी और शैक्षणिक सहयोग’ रखा गया है। इसमें वैज्ञानिक प्रगति, तकनीकी नवाचार और संस्थागत साझेदारियों को व्यावहारिक क्षेत्रीय सहयोग में बदलने के उपायों पर चर्चा की जा रही है।

वैज्ञानिक ज्ञान को क्षेत्रीय सहयोग में बदलने पर मंथन

सम्मेलन के पहले दिन का मुख्य फोकस इस बात पर रहा कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र वैज्ञानिक ज्ञान और तकनीकी नवाचार का उपयोग स्थायी संस्थागत साझेदारी, मजबूत समुद्री क्षमताओं और साझा क्षेत्रीय चुनौतियों से निपटने के लिए किस प्रकार कर सकता है। कार्यक्रम की शुरुआत एनएमएफ के अध्यक्ष और नौसेना के पूर्व प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी (सेवानिवृत्त) के उद्घाटन संबोधन से हुई। इसके बाद भारत सरकार के राष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा समन्वयक वाइस एडमिरल बिस्वजीत दासगुप्ता (सेवानिवृत्त) ने विशेष संबोधन दिया।

शैक्षणिक नेटवर्क और अनुसंधान सहयोग पर चर्चा

सम्मेलन के पहले सत्र का विषय ‘शैक्षणिक नेटवर्क, अनुसंधान और मानव संसाधन विकास’ था। इसकी अध्यक्षता नौसेना के पूर्व उप प्रमुख वाइस एडमिरल संजय महिंद्रू (सेवानिवृत्त) ने की। सत्र में फ्रांस, इंडोनेशिया, जापान और मालदीव के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और अपने विचार साझा किए। चर्चा के दौरान हिंद महासागर क्षेत्र में व्यापक शैक्षणिक नेटवर्क विकसित करने की संभावनाओं पर विचार किया गया। इसमें हिंद-प्रशांत क्षेत्र के तटीय शहरों के विश्वविद्यालयों के बीच सहयोग बढ़ाने और सामाजिक विज्ञान अनुसंधान नेटवर्क स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा शोध संस्थानों, विश्वविद्यालयों और सरकारों के बीच साझेदारी को मजबूत बनाने के उपायों पर भी चर्चा हुई। सत्र के समापन पर ‘सी ब्लाइंडनेस एंड मैरीटाइम हेरिटेज इन इंडिया’ शीर्षक से एक विशेष पुस्तक का विमोचन किया गया।

समुद्री व्यापार और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा पर जोर

दिन के दूसरे सत्र का विषय ‘समुद्री क्षेत्र की स्थिति के प्रति जागरूकता और महत्वपूर्ण समुद्री बुनियादी ढांचे की सुरक्षा’ था। इसमें समुद्री व्यापार और समुद्र के भीतर मौजूद महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा की गई। नौसेना के पूर्व उप प्रमुख वाइस एडमिरल तरुण सोबती (सेवानिवृत्त) की अध्यक्षता में आयोजित इस सत्र में हिंद-प्रशांत समुद्री क्षेत्र जागरूकता साझेदारी (आईपीएमडीए) से जुड़े अवसरों और चुनौतियों का विश्लेषण किया गया। चर्चा में सूचनाओं के प्रभावी आदान-प्रदान और समुद्र के भीतर होने वाली गतिविधियों पर निगरानी के लिए सहयोगात्मक हिंद-प्रशांत ढांचा विकसित करने की जरूरत पर बल दिया गया। इसके साथ ही महत्वपूर्ण समुद्री बुनियादी ढांचे की सुरक्षा को लेकर हिंद महासागर आयोग (आईओसी) का दृष्टिकोण भी प्रस्तुत किया गया।

तकनीक और वैज्ञानिक साझेदारी से मजबूत होगी समुद्री सुरक्षा

दोनों पेशेवर सत्रों में इस बात पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ कि तकनीकी प्रणालियों और वैज्ञानिक साझेदारियों का उपयोग समुद्री सूचनाओं के आदान-प्रदान को बेहतर बनाने, महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा करने और समुद्र विज्ञान से जुड़ी जानकारियों तक पहुंच बढ़ाने में किस तरह किया जा सकता है। इसके अलावा जलवायु संबंधी खतरों से निपटने और क्षेत्रीय स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए वैज्ञानिक सहयोग की भूमिका पर भी जोर दिया गया।

श्रीलंका, फिलीपींस और नॉर्वे के राजनयिकों ने लिया हिस्सा

पहले दिन के कार्यक्रम में ‘सहयोग संवाद’ के तहत राजदूतों के साथ विशेष चर्चा भी आयोजित की गई। इसमें श्रीलंका की उच्चायुक्त महिषिनी कोलोने, फिलीपींस दूतावास के राजदूत जोसेल एफ. इग्नासियो और नॉर्वे की राजदूत मे-एलिन स्टेनर ने हिस्सा लिया। इस चर्चा का आयोजन और संचालन नेशनल मैरीटाइम फाउंडेशन के महानिदेशक वाइस एडमिरल प्रदीप चौहान (सेवानिवृत्त) ने किया।

नीतिगत सुझावों के साथ पहले दिन का समापन

आईपीआरडी-2026 का पहला दिन सकारात्मक माहौल में संपन्न हुआ। विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों और विशेषज्ञों ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में क्षेत्रीय सहयोग बढ़ाने तथा शैक्षणिक साझेदारी के माध्यम से ज्ञान का आदान-प्रदान मजबूत करने के लिए व्यावहारिक नीतिगत सुझाव प्रस्तुत किए।।सम्मेलन में हुई चर्चाओं से हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी सहयोग और संस्थागत साझेदारी को नई दिशा देने की संभावनाएं सामने आईं। (इनपुट: पीआईबी)

RELATED ARTICLES

1 hour ago | Hajj 2027

हज-2027 के लिए भारत का कोटा 1,75,025 तय, किरेन रिजिजू ने सऊदी अरब में समझौते पर किए हस्ताक्षर

केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने 6 से 9 नवंबर 2026 तक सऊदी अरब की आध...

2 hours ago | Black Sea Grain Exports

पीएम मोदी और जेलेंस्की के बीच फोन पर बातचीत, यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान में हर संभव मदद देगा भारत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से टेलीफोन ...