मचाडो ने व्हाइट हाउस में ट्रंप को सौंपा नोबेल मेडल, वेनेजुएला संकट पर चर्चा

वेनेजुएला की विपक्षी नेता और नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित मारिया कोरिना मचाडो ने कहा है कि उन्होंने व्हाइट हाउस में बंद कमरे में हुई मुलाकात के दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को अपना नोबेल शांति पुरस्कार मेडल भेंट किया। मचाडो ने इसे दोनों देशों की आजादी की साझा लड़ाई का ऐतिहासिक प्रतीक बताया।

व्हाइट हाउस में बंद कमरे में हुई मुलाकात

मुलाकात के बाद वाशिंगटन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मचाडो ने कहा, “मैंने संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति को नोबेल शांति पुरस्कार का मेडल दिया।” उन्होंने बताया कि यह मुलाकात व्हाइट हाउस के प्राइवेट डाइनिंग रूम में लंच के दौरान हुई। यह ट्रंप और मचाडो के बीच पहली आमने-सामने की मुलाकात थी।

दो सौ साल पुरानी ऐतिहासिक घटना का जिक्र

मचाडो ने बताया कि इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप को एक ऐतिहासिक घटना भी याद दिलाई। उन्होंने कहा कि दो सदी पहले फ्रांसीसी जनरल मार्क्विस डी लाफिएट ने वेनेजुएला के स्वतंत्रता नेता सिमोन बोलिवर को जॉर्ज वाशिंगटन की तस्वीर वाला एक मेडल उपहार में दिया था।

‘इतिहास का प्रतीकात्मक क्षण’

मचाडो ने कहा, “इतिहास के दो सौ वर्षों बाद, बोलिवर के लोग अब वाशिंगटन के उत्तराधिकारी को यह पदक लौटा रहे हैं। इस बार यह नोबेल शांति पुरस्कार का पदक है, जो हमारी स्वतंत्रता के लिए उनके विशेष योगदान को सम्मान देने का प्रतीक है।”

राष्ट्रपति ट्रंप इस बैठक को लेकर उत्साहित

मुलाकात से पहले व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा था कि राष्ट्रपति ट्रंप इस बैठक को लेकर उत्साहित हैं और इसे एक सकारात्मक बातचीत के रूप में देख रहे हैं। उन्होंने मचाडो को वेनेजुएला के लोगों की ओर से बोलने वाली एक साहसी और प्रभावशाली आवाज बताया।

वेनेजुएला की स्थिति पर चर्चा

लेविट के मुताबिक, राष्ट्रपति ट्रंप वेनेजुएला की जमीनी हकीकत और वहां की मौजूदा स्थिति पर मचाडो का आकलन सुनना चाहते थे। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका का वेनेजुएला की अंतरिम नेतृत्व व्यवस्था से लगातार संपर्क बना हुआ है और सहयोग को लेकर सकारात्मक अनुभव रहे हैं।

500 मिलियन डॉलर की डील और कैदियों की रिहाई का जिक्र

लेविट ने सहयोग के उदाहरण के तौर पर 500 मिलियन डॉलर की एनर्जी डील और पांच अमेरिकियों सहित राजनीतिक कैदियों की रिहाई का उल्लेख किया। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका कि राष्ट्रपति ट्रंप ने औपचारिक रूप से नोबेल शांति पुरस्कार का मेडल स्वीकार किया या नहीं।

नोबेल संस्थान का नियम

नॉर्वे के नोबेल संस्थान के अनुसार, एक बार दिया गया नोबेल शांति पुरस्कार न तो किसी अन्य को सौंपा जा सकता है, न साझा किया जा सकता है और न ही वापस लिया जा सकता है।

मचाडो के राजनीतिक भविष्य पर सवाल

मचाडो का यह व्हाइट हाउस दौरा उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर राष्ट्रपति ट्रंप के मिले-जुले बयानों के बीच हुआ है। इस महीने की शुरुआत में ट्रंप ने कहा था कि मचाडो के लिए वेनेजुएला का नेतृत्व करना कठिन होगा, क्योंकि देश में उन्हें न तो पर्याप्त समर्थन है और न ही सम्मान।

डेल्सी रोड्रिग्ज पर ट्रंप की टिप्पणी

इसके साथ ही राष्ट्रपति ट्रंप ने वेनेजुएला की अंतरिम नेता डेल्सी रोड्रिग्ज की तारीफ करते हुए उन्हें एक शानदार व्यक्ति बताया था।

नोबेल पुरस्कार ग्रहण करने के बाद पहली सार्वजनिक मौजूदगी

मचाडो दिसंबर में 11 महीनों तक छिपे रहने के बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से सामने आई थीं, जब उन्होंने नॉर्वे में नोबेल शांति पुरस्कार ग्रहण किया था। (इनपुट: आईएएनएस)