मणिपुर को मिला नया मुख्यमंत्री, पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और मंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने बुधवार को मणिपुर के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

पीएम मोदी ने जताया भरोसा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युमनाम खेमचंद सिंह को मणिपुर के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के रूप में खेमचंद सिंह मणिपुर के भाई-बहनों के विकास और समृद्धि को आगे बढ़ाने के लिए पूरी लगन से काम करेंगे।

सोशल मीडिया पर दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “युमनाम खेमचंद सिंह जी को मणिपुर के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई। मैं श्रीमती नेमचा किपगेन जी और श्री लोसी दिखो जी को राज्य के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर तथा श्री कोंथौजम गोविंदास सिंह जी और श्री खुरैजम लोकेन सिंह जी को मणिपुर सरकार में मंत्री पद की शपथ ग्रहण करने पर बधाई देना चाहता हूं।” प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि नई सरकार मणिपुर के लोगों के हित में प्रभावी ढंग से काम करेगी।

लोक भवन में हुआ शपथ ग्रहण

शपथ ग्रहण समारोह लोक भवन में आयोजित किया गया, जहां राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने नए मुख्यमंत्री, दो उपमुख्यमंत्रियों और अन्य मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। यह समारोह भाजपा द्वारा नई दिल्ली में मैतेई समुदाय के नेता युमनाम खेमचंद सिंह को विधानसभा दल का नेता चुने जाने के एक दिन बाद आयोजित हुआ।

दो डिप्टी सीएम ने ली शपथ

शपथ लेने वालों में भाजपा के नेमचा किपगेन और गोविंदास कोंथौजम, नागा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) के लोसी दिखो और राष्ट्रीय जन पार्टी के खुरैजम लोकेन सिंह शामिल हैं। पूर्व मंत्री नेमचा किपगेन ने नई दिल्ली स्थित मणिपुर भवन से ऑनलाइन माध्यम से उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली, जबकि एनपीएफ विधायक एल. दिखो ने भी उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की।

सात मंत्रियों के पद रिक्त, बाद में होगा मंत्रिमंडल का विस्तार

खेमचंद सिंह के नेतृत्व वाली सरकार का विस्तार बाद में किया जाएगा, क्योंकि फिलहाल सात मंत्रियों के पद रिक्त हैं। (इनपुट: आईएएनएस)