16/12/25 | 4:04 pm

Print

बिजली विभाग में बड़ी भर्ती, सीएम नीतीश ने 2390 नवचयनित अभ्यर्थियों बांटे नियुक्ति पत्र

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को ऊर्जा विभाग के अंतर्गत बिहार स्टेट पावर (होल्डिंग) कंपनी लिमिटेड और उसकी अनुषंगी कंपनियों में नवचयनित 2390 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें 1810 तकनीशियन, 512 पत्राचार लिपिक और 68 भंडार सहायक शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान सांकेतिक रूप से तीन अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान सांकेतिक रूप से तीन अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर उन्होंने विश्वास जताया कि सभी नवचयनित अभ्यर्थी पूरी मेहनत और लगन के साथ कार्य करेंगे तथा बिहार के विकास में अपना योगदान देंगे।

राज्य सरकार युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है

नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार शुरू से ही युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने दोहराया कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बिहार सरकार ने पम्प्ड स्टोरेज पॉलिसी-2025 लागू की

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की उपस्थिति में राज्य में पम्प्ड स्टोरेज परियोजनाओं के लिए इकरारनामों पर हस्ताक्षर भी किए गए। राज्य में ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करने और नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बिहार सरकार ने पम्प्ड स्टोरेज पॉलिसी-2025 लागू की है।

परियोजनाओं के माध्यम से राज्य में लगभग 13 हजार करोड़ रुपए का निवेश

इस नीति के तहत बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड द्वारा दो एजेंसियों का चयन किया गया है। ये दोनों परियोजनाएं नवादा जिले के पहाड़ी क्षेत्रों में प्रस्तावित हैं, जहां प्राकृतिक ऊंचाई का अंतर पम्प्ड स्टोरेज व्यवस्था के लिए अनुकूल है। इन दोनों परियोजनाओं के माध्यम से राज्य में लगभग 13 हजार करोड़ रुपए का निवेश होगा। परियोजनाओं के निर्माण चरण में करीब आठ हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

वितरण कंपनियों के बीच समन्वय स्थापित करने हेतु स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर की स्थापना

नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम से पूर्व नीतीश कुमार ने विद्युत भवन स्थित स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। बताया गया कि राज्य में सभी श्रेणियों के बिजली उपभोक्ताओं को निरंतर और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए राज्य एवं राज्य के बाहर स्थित विद्युत उत्पादन केंद्रों, संचरण कंपनियों और वितरण कंपनियों के बीच समन्वय स्थापित करने हेतु स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर की स्थापना की गई है। पूर्वी क्षेत्र में इस प्रकार की व्यवस्था लागू करने वाला बिहार पहला राज्य है। (इनपुट: आईएएनएस)