कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी को विदेश मंत्रालय ने किया सलाम, जल्द स्वस्थ होने की कामना की

भारतीय विदेश मंत्रालय ने फ्लाईदुबई की उड़ान के दौरान असाधारण साहस दिखाने वाले कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी को सलाम किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी देते हुए बताया कि उनका इलाज चल रहा है और वे सुरक्षित हैं। जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “हम कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी को सलाम करते हैं। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने अद्भुत साहस दिखाया और कई लोगों की जान बचाई। उनका इलाज चल रहा है और वे सुरक्षित हैं। हम उनके जल्द ठीक होने की कामना और प्रार्थना करते हैं। देश गर्व के साथ उनके और उनके परिवार के साथ खड़ा है।”

पीएम मोदी ने कहा- कैप्टन स्मित मछार एक हीरो हैं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी की जमकर तारीफ की। एक्स पर पोस्ट करते हुए पीएम मोदी ने लिखा, “कैप्टन स्मित मछार एक हीरो हैं। बेहद गंभीर खतरे के बीच और खुद बुरी तरह घायल होने के बावजूद उन्होंने जबरदस्त हिम्मत दिखाई और दूसरों की जान बचाने के अपने इरादे से पीछे नहीं हटे। उनकी बहादुरी की वजह से सैकड़ों लोगों की जान बचाई जा सकी और एक बड़ी त्रासदी टल गई।”  उन्होंने आगे कहा, “भारत को कैप्टन मछार पर गर्व है। उनके जल्द ठीक होने, फिर से पूरी ताकत हासिल करने और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।”

डॉ. एस. जयशंकर, नेतन्याहू और ट्रंप ने भी की सराहना

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने भी कैप्टन की असाधारण हिम्मत की तारीफ की। उन्होंने लिखा, “कैप्टन स्मित मछार की असाधारण हिम्मत और मुश्किल हालात में भी सूझ-बूझ दिखाने की काबिलियत ने कल सैकड़ों लोगों की जान बचाई और एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया। उनकी बहादुरी को सलाम करने और उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना करने के लिए दुनियाभर के अनगिनत लोगों के साथ जुड़ें।” 

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी भारतीय पायलट को सलाम किया। उन्होंने लिखा, “भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार की असाधारण बहादुरी को मेरा सलाम।” उन्होंने उन्हें ‘सच्चा हीरो’ बताते हुए उनके जल्द और पूरी तरह ठीक होने की कामना की। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कैप्टन स्मित मछार को ‘हीरो’ करार दिया। उन्होंने घटना का जिक्र करते हुए बताया कि इजराइल जा रही उड़ान के दौरान को-पायलट ने कैप्टन पर चाकू से हमला किया था। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने इस घटना को लेकर इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू से लंबी बातचीत भी की। कैप्टन स्मित मछार की इस बहादुरी ने न सिर्फ भारत बल्कि दुनियाभर में सम्मान और प्रशंसा अर्जित की है। पूरा देश उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहा है। (इनपुट-एजेंसी)