मोज़ाम्बिक के व्यापार राज्य सचिव एंटोनियो डो रोसारियो ग्रिस्पोस ने शुक्रवार को कहा कि उनका देश भारत के साथ कृषि साझेदारी को और गहरा करना चाहता है। इसके लिए मोज़ाम्बिक एग्रो-प्रोसेसिंग में भारत की विशेषज्ञता का लाभ उठाना और दक्षिणी अफ्रीका में व्यापार विस्तार के लिए अपने रणनीतिक बंदरगाहों का इस्तेमाल करना चाहता है।
‘भारत अंतर्राष्ट्रीय चावल सम्मेलन’ (Bharat International Rice Conference) के दौरान ग्रिस्पोस ने बताया कि मोज़ाम्बिक का लक्ष्य कृषि तकनीक और प्रोसेसिंग के क्षेत्र में भारत के साथ सहयोग मजबूत करना है। साथ ही, वह भारतीय व्यवसायों के लिए क्षेत्रीय बाजारों तक पहुंचने का प्रवेश द्वार (गेटवे) बनना चाहता है। उन्होंने कहा, “हम एग्रो-प्रोसेसिंग के जरिए इसे बढ़ाना चाहते हैं, भारत की तकनीकों से सीखना चाहते हैं, और मोज़ाम्बिक के बंदरगाहों के जरिए दक्षिणी अफ्रीकी देशों के लिए अपनी सीमाएं और बाजार खोलना चाहते हैं।”
सालाना 6 लाख टन चावल आयात; भारत खाद्य सुरक्षा में अहम भूमिका निभाता है
ग्रिस्पोस ने बताया कि मोज़ाम्बिक हर साल लगभग 6 लाख टन चावल का आयात करता है, जिसमें से ज्यादातर आपूर्ति भारत से आती है। उन्होंने कहा कि इस साझेदारी को और बढ़ाया जा सकता है, जिससे मोज़ाम्बिक की खाद्य सुरक्षा मजबूत होगी और कृषि व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने जोर देकर कहा, “यही वजह है कि मोज़ाम्बिक की खाद्य सुरक्षा में भारत एक अहम भूमिका निभाता है।”
उन्होंने मोज़ाम्बिक के भौगोलिक लाभों का भी जिक्र किया। देश के बंदरगाह दक्षिणी अफ्रीका के भूमि-आबद्ध (landlocked) देशों के लिए रणनीतिक प्रवेश बिंदु का काम करते हैं। इससे क्षेत्रीय व्यापार बढ़ाने और भारतीय व्यवसायों के लिए बाजार पहुंच बेहतर बनाने के अवसर पैदा होते हैं।
पांच सदियों पुराने ऐतिहासिक संबंध; “मेरी रगों में भारतीय खून”
व्यापार अधिकारी ने दोनों देशों के गहरे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भारतीय समुदाय पांच सदियों से भी ज्यादा समय से मोज़ाम्बिक में मौजूद है। अपने निजी जुड़ाव का जिक्र करते हुए ग्रिस्पोस ने कहा कि उनके दादा गोवा से आए थे। “मेरे दादा गोवा से आए थे, इसलिए मेरी रगों में भी भारतीय खून दौड़ता है। यहां आकर मुझे बहुत गर्व महसूस हो रहा है। मैं खुद को भारतीय मानता हूं और मुझे इस महान देश पर गर्व है।”
उन्होंने भारत को मोज़ाम्बिक का रणनीतिक साझेदार बताया और दोनों देशों के मजबूत संबंधों का जिक्र किया। उन्होंने राष्ट्रपति डैनियल चैपो और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी रिश्तों का भी उल्लेख किया, जिनकी नीतियों में तालमेल से द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ावा मिल रहा है। ‘भारत अंतर्राष्ट्रीय चावल सम्मेलन’ हितधारकों को चावल की पूरी वैल्यू चेन में नए अवसर तलाशने, अंतरराष्ट्रीय व्यापार साझेदारियां मजबूत करने और खाद्य सुरक्षा बेहतर बनाने का मंच प्रदान करता है। एग्रो-प्रोसेसिंग, चावल व्यापार और क्षेत्रीय बाजारों तक पहुंच पर फोकस से दोनों देशों के आर्थिक सहयोग के नए रास्ते खुल सकते हैं। (इनपुट-एजेंसी)


