भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन मंगलवार को पटना पहुंचे। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद यह उनकी पहली बिहार यात्रा है। पटना एयरपोर्ट पर बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का उनकी पवित्र भूमि और कर्मभूमि पर स्वागत है
पटना पहुंचने के बाद नितिन नबीन ने आयोजित रोड शो में भी हिस्सा लिया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि अनगिनत समर्पित नेताओं और कार्यकर्ताओं के परिश्रम से बनी भारतीय जनता पार्टी अपने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का उनकी पवित्र भूमि और कर्मभूमि पर स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि उनके स्वागत के लिए पूरा बिहार उमड़ पड़ा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बताया कि आज का दिन ऐतिहासिक
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष पद संभालने के बाद नितिन नबीन पहली बार अपने जन्मस्थान और कर्मभूमि पर आए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है।
तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि नितिन नबीन पर ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की बड़ी जिम्मेदारी
भाजपा नेता तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि नितिन नबीन और बिहार को प्रधानमंत्री के विजन को आगे बढ़ाने और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाजपा नेता नीरज बबलू बोले कि इससे बिहार में संगठन और अधिक मजबूत होगा
भाजपा नेता नीरज बबलू ने कहा कि पूरे राज्य से लोग बड़ी संख्या में जुटे हैं, जिससे उत्साहपूर्ण माहौल बना है। इससे बिहार में संगठन और अधिक मजबूत होगा और पार्टी देशभर में और सशक्त बनेगी।
सांसद विवेक ठाकुर ने बताया कि यह बिहार के लिए गर्व का विषय
भाजपा सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि यह बिहार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नितिन नबीन एक कुशल संगठनकर्ता हैं और उनके आगमन से पार्टी में नई ऊर्जा का संचार होगा।
राम कृपाल यादव ने कहा उनके स्वागत में पूरा बिहार उमड़ा है
बिहार सरकार में मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि हम सभी नितिन नबीन का अभिनंदन और स्वागत करते हैं। उनके स्वागत में पूरा बिहार उमड़ा है।
बिहार सरकार में मंत्री संजय सिंह टाइगर बोले कि नितिन नबीन के नेतृत्व में पार्टी बढ़ेगी आगे
बिहार सरकार में मंत्री संजय सिंह टाइगर ने कहा कि आम लोगों, कार्यकर्ताओं और पार्टी नेताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। नितिन नबीन के नेतृत्व में पार्टी आगे बढ़ेगी और और अधिक मजबूत होगी। (इनपुट: आईएएनएस)


