नीतीश सरकार का बड़ा फैसला, बुजुर्गों को घर बैठे जमीन-फ्लैट की रजिस्ट्री की सुविधा

बिहार के बुजुर्गों, यानी 80 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को अब जमीन या फ्लैट की रजिस्ट्री के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। राज्य सरकार अब उन्हें घर पर ही रजिस्ट्री से जुड़ी सभी सेवाएं उपलब्ध कराएगी।

1 अप्रैल से लागू होगी नई व्यवस्था

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को इसकी घोषणा करते हुए बताया कि इस व्यवस्था को 1 अप्रैल से लागू करने का निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दे दिया गया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि यह पहल सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ के तहत की जा रही है।

‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ का उद्देश्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस निश्चय का मुख्य उद्देश्य राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम करना और उनके जीवन को सरल बनाना है। इसी दिशा में सरकार लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है।

वृद्धजनों को रजिस्ट्री में होती थी परेशानी

नीतीश कुमार ने कहा कि कई बार यह देखा गया है कि 80 वर्ष या उससे अधिक उम्र के वृद्धजनों को जमीन और फ्लैट की रजिस्ट्री से जुड़े कार्यों में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए नए कदम उठाए गए हैं।

मोबाइल निबंधन इकाई से मिलेगी घर पर सेवा

मुख्यमंत्री ने बताया कि अब राज्य के ऐसे वृद्धजन, जिनकी उम्र 80 वर्ष या उससे अधिक है और जो जमीन या फ्लैट की रजिस्ट्री कराना चाहते हैं, उन्हें जरूरत पड़ने पर घर पर ही निबंधन से संबंधित सभी सेवाएं दी जाएंगी। इसके लिए मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग द्वारा मोबाइल निबंधन इकाई के माध्यम से तय समय-सीमा के भीतर रजिस्ट्री की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए आवेदक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

7 कार्य दिवस में पूरी होगी रजिस्ट्री प्रक्रिया

सरकार के अनुसार, संबंधित विभाग द्वारा जमीन और फ्लैट की रजिस्ट्री की पूरी प्रक्रिया सात कार्य दिवस के भीतर सुनिश्चित की जाएगी, ताकि बुजुर्गों को किसी तरह की अतिरिक्त परेशानी न हो।

रजिस्ट्री से पहले मिलेगी भूमि की अद्यतन जानकारी

नीतीश कुमार ने कहा कि कई बार जमीन खरीदने वाले लोगों को संबंधित भूमि की अद्यतन जानकारी नहीं मिल पाती, जिससे उन्हें समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसे ध्यान में रखते हुए अब रजिस्ट्री से पहले भूमि की पूरी और अपडेट जानकारी क्रेता और विक्रेता दोनों को उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।

मोबाइल कार्यालय से लेकर दी जाएगी जानकारी

इस व्यवस्था के तहत आवेदक के अनुरोध पर निबंधन विभाग मोबाइल कार्यालय से भूमि की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त कर उसे क्रेता को उपलब्ध कराएगा। मुख्यमंत्री ने इस पहल को और बेहतर बनाने के लिए लोगों से 19 जनवरी तक सुझाव भी मांगे हैं। (इनपुट: आईएएनएस)