प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में ओडिशा के राष्ट्रीय राजमार्ग NH-326 को चौड़ा और मजबूत करने की बड़ी परियोजना को मंजूरी दी गई है। इसके तहत किमी 68.6 से किमी 311.7 तक के हिस्से को दो लेन से पक्के शोल्डर (Paved Shoulder) वाली दो लेन सड़क में बदला जाएगा। यह काम EPC मॉडल पर किया जाएगा और इसकी कुल लागत 1,526.21 करोड़ रुपये होगी।
सरकार के अनुसार, इस परियोजना से दक्षिणी ओडिशा में यात्रा और माल ढुलाई दोनों तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद हो जाएंगी। खास तौर पर गजपति, रायगड़ा और कोरापुट जिलों को इससे सीधा लाभ मिलेगा। बेहतर सड़क संपर्क से स्थानीय लोगों, उद्योगों, शिक्षा संस्थानों और पर्यटन स्थलों को बाजार, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार तक आसान पहुंच मिलेगी, जिससे क्षेत्र के समावेशी विकास को बल मिलेगा।
वर्तमान में मोहन–कोरापुट सेक्शन की सड़क की संरचना कमजोर है, जहां कई मोड़, ढलान और संकरी लेन के कारण भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है। अपग्रेडेशन के बाद सड़क की ज्यामिति सुधारी जाएगी, ब्लैक स्पॉट हटाए जाएंगे और सड़क की मजबूती बढ़ाई जाएगी, जिससे यात्रियों और मालवाहक वाहनों की आवाजाही सुरक्षित और बिना रुकावट संभव होगी। इससे वाहन संचालन लागत घटेगी और सफर का समय भी कम होगा।
यह परियोजना NH-26, NH-59, NH-16 और रायपुर–विशाखापत्तनम कॉरिडोर से बेहतर जुड़ाव सुनिश्चित करेगी और गोपालपुर पोर्ट, जयपुर एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशनों तक आखिरी मील की कनेक्टिविटी भी सुधरेगी। इससे औद्योगिक इकाइयों, शिक्षा केंद्रों और पर्यटन स्थलों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी।
सरकार के अनुसार, निर्माण कार्य पूरा होने से करीब 2.5 से 3 घंटे का समय बचेगा और दूरी में भी लगभग 12 किलोमीटर की कमी आएगी। परियोजना को 24 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है और इसके बाद पांच वर्षों तक रखरखाव किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।


