देशभर में गुरुवार को सेना दिवस पूरे सम्मान, गर्व और देशभक्ति के माहौल में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भारतीय सेना के साहस, अनुशासन और दृढ़ संकल्प को सलाम किया।
भारतीय सैनिक नि:स्वार्थ सेवा के प्रतीक
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि भारतीय सैनिक नि:स्वार्थ सेवा के प्रतीक हैं और हर परिस्थिति में देश की रक्षा के लिए डटे रहते हैं। उन्होंने सेना दिवस के अवसर पर उन वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों की आहुति दी।
नि:स्वार्थ सेवा और अटूट प्रतिबद्धता का सम्मान
उपराष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “सेना दिवस के अवसर पर मैं भारतीय सेना के बहादुर अधिकारियों, सैनिकों और पूर्व सैनिकों को सलाम करता हूं। देश की रक्षा में उनका अटूट साहस, अनुशासन और सर्वोच्च बलिदान हर नागरिक को प्रेरित करता है। हम भारत की एकता और अखंडता के प्रति उनकी निस्वार्थ सेवा और अटूट प्रतिबद्धता का सम्मान करते हैं। इस पवित्र दिन पर हम उन वीर नायकों को गहरी कृतज्ञता के साथ याद करते हैं जिन्होंने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों की आहुति दी।”
अमित शाह ने जवानों और उनके परिवारों को दी बधाई
गृह मंत्री अमित शाह ने भी सेना दिवस के मौके पर भारतीय सेना के जवानों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सेना दिवस पर वह सभी जवानों और उनके परिवारों को हार्दिक बधाई देते हैं।
इतिहास में दर्ज है सेना की बहादुरी: अमित शाह
अमित शाह ने अपने संदेश में कहा कि भारतीय सेना की बहादुरी की गूंज हमारे इतिहास के पन्नों में दर्ज है, जो हर पीढ़ी में देशभक्ति की सबसे तेज लौ जलाती है। उन्होंने देश सेवा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सभी बहादुर जवानों को सलाम किया।
परिवार भी सेवा के बराबर भागीदार
गृह मंत्री ने कहा कि सेना के जवानों के साथ-साथ उनके परिवार भी इस सेवा में बराबर के भागीदार होते हैं, जो हर मुश्किल समय में अपने प्रियजनों को देश के लिए समर्पित करते हैं।
देशभर में आयोजित हुए कार्यक्रम
सेना दिवस के अवसर पर देशभर में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। लोगों ने भारतीय सेना के शौर्य, त्याग और बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया। (इनपुट: आईएएनएस)


