मकर संक्रांति के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को ब्रह्म मुहूर्त में गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर नाथपंथ की विशिष्ट परंपरा के अनुसार महायोगी गुरु गोरखनाथ को विधि-विधान से आस्था की पवित्र खिचड़ी अर्पित की।
लोकमंगल और नागरिकों के सुख-समृद्ध जीवन की कामना
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ से लोकमंगल और सभी नागरिकों के सुखमय-समृद्धमय जीवन की प्रार्थना की। खिचड़ी अर्पित करने के बाद उन्होंने सभी नागरिकों, संतों और श्रद्धालुओं को मकर संक्रांति की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
प्रदेशभर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
मीडियाकर्मियों से बातचीत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बुधवार से ही पूरे प्रदेश में लाखों श्रद्धालु पवित्र धर्मस्थलों पर पहुंचकर आस्था को नमन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि गोरखपुर में बुधवार को लाखों श्रद्धालुओं ने महायोगी भगवान गोरखनाथ को आस्था की पवित्र खिचड़ी चढ़ाई, वहीं प्रयागराज के संगम में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगाई।
बाबा गोरखनाथ को खिचड़ी अर्पित करना मेरा सौभाग्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा गोरखनाथ को खिचड़ी चढ़ाना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को भी गोरखपुर में लाखों श्रद्धालु पंक्ति में लगकर श्रद्धापूर्वक भगवान गोरखनाथ को आस्था की खिचड़ी अर्पित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें भी प्रातः 4 बजे गोरखनाथ मंदिर की विशिष्ट पूजा संपन्न होने के बाद यह अवसर प्राप्त हुआ।
मकर संक्रांति भारतीय परंपरा का अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मकर संक्रांति भारत की पर्व और त्योहारों की परंपरा का एक अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है। सूर्यदेव को इस जगत की आत्मा बताते हुए उन्होंने कहा कि जगतपिता सूर्य की उपासना का यह पर्व हर प्रकार के शुभ और मांगलिक कार्यों के लिए प्रशस्त तिथि माना जाता है।
आज से प्रारंभ होंगे मांगलिक कार्य
सीएम योगी ने कहा कि मकर संक्रांति के बाद सनातन धर्म की परंपरा में सभी प्रकार के मांगलिक कार्यक्रम प्रारंभ हो जाते हैं। उन्होंने सूर्य के अयन वृत्त और संक्रांति के ज्योतिषीय महत्व को भी विस्तार से समझाया।
उत्तरायण का महत्व और सूर्य उपासना
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब सूर्य धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करते हैं, तो उसे मकर संक्रांति कहा जाता है। मकर राशि से अगले छह माह तक सूर्य भगवान उत्तरायण रहते हैं। उत्तरायण काल में दिन बड़े और रात्रि छोटी होती हैं, जो जीवन और जीवंतता के लिए सूर्य के प्रकाश के महत्व को दर्शाता है।
देशभर में अलग-अलग नामों से मनाया जाता है पर्व
सीएम योगी ने कहा कि मकर संक्रांति देश के पूरब, पश्चिम, उत्तर और दक्षिण—हर हिस्से में अलग-अलग नाम और रूप में मनाई जाती है। पूरब में बिहू या तिलवा संक्रांति, पश्चिम में लोहड़ी, दक्षिण भारत में पोंगल और उत्तर भारत में खिचड़ी संक्रांति के रूप में यह पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है।
धर्मस्थलों पर श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत
मकर संक्रांति के अवसर पर प्रदेश के विभिन्न धर्मस्थलों पर देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं का अभिनंदन करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी के मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि एक ओर गोरखपुर में लाखों श्रद्धालु बाबा गोरखनाथ को आस्था की खिचड़ी अर्पित कर रहे हैं, वहीं प्रयागराज में श्रद्धालु, कल्पवासी और संतजन भगवान वेणीमाधव, प्रयागराज और मां गंगा, यमुना व सरस्वती के सानिध्य में संगम में पवित्र स्नान कर रहे हैं। (इनपुट: आईएएनएस)


