मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को पांच दिवसीय सिद्धार्थनगर महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने 1,052 करोड़ रुपए की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की 25 करोड़ आबादी को परिवार मानकर सरकार ने विकास के अभियान को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि बीमार मानसिकता वाले लोगों ने इस क्षेत्र को बीमार कर दिया था, लेकिन दृढ़ संकल्प के साथ सरकार ने उस बीमारी को दूर किया और आज प्रदेश उपद्रव से उत्सव की ओर बढ़ चुका है।
संस्कारों से बनेगा विकसित भारत
मुख्यमंत्री ने बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना की सराहना करते हुए कहा कि जब ऐसे संस्कार बच्चों में जाएंगे, तभी वे विकसित भारत की संकल्पना के सशक्त वाहक बनेंगे।
महिला उद्यमियों ने साझा की सफलता की कहानी
इस अवसर पर सरकारी योजनाओं की मदद से सफलता हासिल करने वाली दो महिला उद्यमियों ने मंच से मुख्यमंत्री के समक्ष अपने संघर्ष और सफलता की कहानी साझा की।
बिना भेदभाव हर जनपद तक पहुंचा विकास
सीएम योगी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों और प्रयासों से जनपद में योजनाएं लागू हो रही हैं। सरकार निमित्त मात्र है और बिना किसी भेदभाव के संसाधन उपलब्ध करा रही है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय और सपा विधायक सैयदा खातून को आयोजन में शामिल होने के लिए धन्यवाद देते हुए आभार प्रकट किया।
समग्र और सतत विकास ही रामराज्य की अवधारणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन हताशा-निराशा के लिए नहीं, बल्कि उत्साह और उमंग के साथ विकास के अभियान को आगे बढ़ाने के लिए मिला है। विकास में काट-छांट की सोच नहीं होनी चाहिए। सरकार बांटकर विकास नहीं कर सकती। जाति, मत, मजहब, क्षेत्र और भाषा के आधार पर भेदभाव के बजाय समग्रता और सतत विकास के भाव से कार्य होना चाहिए। सतत विकास की सोच ही रामराज्य की अवधारणा को साकार करती है।
गरीब, किसान और युवा विकास का केंद्र
सीएम योगी ने कहा कि विकास का आधार हर तबका, गांव, गरीब, किसान और युवा होना चाहिए। बिना भेदभाव हर गरीब को राशन, शौचालय, प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान कार्ड का लाभ मिलना चाहिए। सरकार की योजनाएं गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों को केंद्र में रखकर बनाई गई हैं। ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ नागरिकों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया गया है। उन्होंने ‘विकसित भारत जी राम जी’ योजना के लाभ भी गिनाए।
इंसेफेलाइटिस से मुक्ति, मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत
मुख्यमंत्री ने कहा कि 8-10 साल पहले कोई कल्पना नहीं कर सकता था कि सिद्धार्थनगर में मेडिकल कॉलेज होगा, लेकिन आज माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज बन चुका है। नर्सिंग कॉलेज शुरू हो गया है और महिला छात्रावास का शिलान्यास किया गया है। सीएसआर फंड से एक हजार सीटों वाले ऑडिटोरियम का निर्माण भी आगे बढ़ाया गया है।
सरकार के प्रयासों से दशकों पुरानी बीमारी समाप्त
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कभी यह क्षेत्र बीमारी और पलायन के लिए जाना जाता था। इंसेफेलाइटिस से गरीब, दलित, अल्पसंख्यक और अतिपिछड़ी जाति के बच्चे दम तोड़ते थे, लेकिन 2017 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से सरकार ने संकल्प लिया कि एक भी बच्चा इस बीमारी से नहीं मरेगा। डबल इंजन सरकार के प्रयासों से दशकों पुरानी बीमारी समाप्त हो गई।
कनेक्टिविटी और निवेश को मिल रही रफ्तार
सीएम योगी ने कहा कि पिपरहवा से भगवान बुद्ध के अवशेष 125 वर्ष पहले इंग्लैंड पहुंचा दिए गए थे, जिन्हें वापस लाने के प्रयास किए गए। अब कपिलवस्तु में विपश्यना केंद्र, डारमेट्री और अन्य विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नेपाल से जुड़ी इंटरस्टेट और इंटरनेशनल कनेक्टिविटी को फोरलेन में बदला गया है। सिद्धार्थनगर की कनेक्टिविटी भी फोरलेन से मजबूत की जा रही है। खलीलाबाद से बहराइच तक जाने वाली रेल लाइन जनपद से होकर गुजर रही है, जिससे निवेश को बढ़ावा मिलेगा। गोरखपुर-शामली इकोनॉमिक कॉरिडोर भी सिद्धार्थनगर के तीन विधानसभा क्षेत्रों से होकर विकास का नया मार्ग बनेगा।
सिद्धार्थनगर की विरासत और विराटता
मुख्यमंत्री ने कहा कि महोत्सव शब्द ही विराटता का प्रतीक है। मनुष्य के मन में मानवीय गरिमा, सुरक्षा और संप्रभुता का भाव सदैव बना रहना चाहिए। राजकुमार सिद्धार्थ के नाम पर बने इस जनपद की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत को आगे बढ़ाना हम सबका दायित्व है। ज्ञान, सकारात्मक सोच और कर्म ही श्रेष्ठ परिणाम देते हैं। (इनपुट: आईएएनएस)


