युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की प्रमुख पहल विकसित भारत युवा नेता संवाद (वीबीवाईएलडी) देश के युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान करने के लिए प्रेरित करती रहती है। यह पहल मंत्रालय के स्वायत्त निकाय मेरा युवा भारत (माई भारत) के माध्यम से संचालित है। इस वर्ष की शुरुआत में 2026 संस्करण की सफल शुरुआत के बाद, कार्यक्रम के पहले चरण को देश भर से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है।
पहली सितंबर से 31 अक्टूबर तक माई भारत और माई गॉव प्लेटफॉर्म पर संयुक्त रूप से आयोजित वीबीवाईएलडी 2026 क्विज में 50.42 लाख से ज्यादा युवाओं ने हिस्सा लिया, जो पिछले इसके संस्करण के 30 लाख प्रतिभागियों की रिकॉर्ड भागीदारी को पार कर गया। देश के सभी 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के युवाओं ने इस पहल में भाग लिया और विकसित भारत@2047 के विज़न के प्रति अपने उत्साह की पुष्टि की।
इस पहल में युवा पुरुषों और महिलाओं की लगभग समान भागीदारी देखी गई, जिसमें 51 प्रतिशत पुरुष और 49 प्रतिशत महिला प्रतिभागी शामिल रहीं। तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, हरियाणा और पश्चिम बंगाल सबसे अधिक प्रतिभागियों के साथ शीर्ष पांच राज्य बनकर उभरे। यह उल्लेखनीय भागीदारी देश की युवा आबादी की शासन, नीति निर्माण और विकसित भारत बनने की दिशा में देश की विकास यात्रा में सार्थक योगदान देने की बढ़ती आकांक्षा को दर्शाती है।
वीबीवाईएलडी 2026 के चरण-2 में लगभग 2.56 लाख चयनित युवाओं को विकसित भारत के दृष्टिकोण को आकार देने वाले दस प्रमुख राष्ट्रीय विषयों पर निबंध के माध्यम से अपने विचार साझा करने के लिए आमंत्रित किया जाएगा:
1. विकसित भारत के लिए लोकतंत्र और सरकार में युवा
2. महिलाओं के नेतृत्व में विकास: विकसित भारत की कुंजी
3. फिट भारत, हिट भारत
4. भारत को विश्व की स्टार्ट-अप राजधानी बनाना
5. भारत की सॉफ्ट पावर: सांस्कृतिक कूटनीति और विकसित भारत के लिए वैश्विक प्रभाव
6. परंपरा संग नवाचार: आधुनिक भारत का निर्माण
7. आत्मनिर्भर भारत: मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड
8. स्मार्ट और टिकाऊ कृषि के जरिए उत्पादकता बढ़ाना
9. टिकाऊ और हरित विकसित भारत का निर्माण
10. विकसित भारत के लिए भावी कार्यबल का निर्माण


