16/12/25 | 4:26 pm

Print

देश के 7.7 लाख से अधिक घरों को पीएम सूर्य घर: निशुल्‍क बिजली योजना से मिले शून्य बिजली बिल

पीएम सूर्य घर: निशुल्‍क बिजली योजना ने देश के 7.7 लाख से अधिक घरों को शून्य बिजली बिल प्रदान किया। पीएमएसजी के तहत 13,926 करोड़ रुपये की सब्सिडी सहायता और 8.3 लाख से अधिक ऋण आवेदनों को स्‍वीकृति दी गई। यह जानकारी केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपाद येसो नाइक ने मंगलवार को राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में दी।

केंद्र सरकार ने 29 फरवरी 2024 में प्रधानमंत्री सूर्य घर: निशुल्‍क बिजली योजना (पीएमएसजी: एमबीवाई) शुरू की थी, जिसका लक्ष्य 75,021 करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ वित्त वर्ष 2026-27 तक आवासीय क्षेत्र में एक करोड़ घरों में रूफटॉप सोलर (आरटीएस) इंस्टॉलेशन अर्जित करना है।

वहीं, 9 दिसंबर 2025 तक, देश भर में कुल 19,45,758 आरटीएस सिस्टम संस्थापित किए जा चुके हैं, जिनसे 24,35,196 परिवारों को लाभ मिला है।
लाभार्थियों के लिए आरटीएस प्रणालियों की आर्थिक लाभप्रदता और लागत-प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के लिए, केंद्रीय वित्तीय सहायता के अतिरिक्‍त, आरटीएस प्रणालियों की स्थापना के लिए 5.75 प्रतिशत (रेपो दर प्लस 0.50 बीपीएस) की ब्याज दर पर बिना गारंटी के ऋण उपलब्ध है।

इसके अतिरिक्त, ग्रामीण परिवारों या आर्थिक रूप से निर्बल वर्गों के लिए पीएमएसजी: एमबीवाई के अंगीकरण को बढ़ावा देने के लिए, मंत्रालय ने यूटिलिटी लेड एग्रीगेशन (यूएलए)/आरईएससीओ मॉडल के तहत आरटीएस सिस्टम की संस्थापना के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं।