Print

बायोफार्मा स्टार्टअप के लिए मंजूरी प्रक्रिया तेज और आसान बनाने की तैयारी

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित वाणिज्य भवन में भारत के बायोफार्मा स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने और बायोइकोनॉमी के विकास को गति देने के लिए उच्चस्तरीय गोलमेज बैठक की अध्यक्षता की। ‘भारत की बायोइकोनॉमी की संभावनाएं: नवाचार और विकास को आगे बढ़ाने में स्टार्टअप की भूमिका’ विषय पर आयोजित इस बैठक में नीति-निर्माताओं, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और बायोफार्मा स्टार्टअप ने हिस्सा लिया।

उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) ने नीति आयोग और नीति फ्रंटियर टेक हब के सहयोग से इस बैठक का आयोजन किया। इसमें भारत की वैज्ञानिक क्षमताओं और उद्यमशील प्रतिभा का उपयोग कर देश को वैश्विक बायोइकोनॉमी में अग्रणी बनाने के उपायों पर विचार-विमर्श हुआ।

पीयूष गोयल ने अपने संबोधन में तेज नियामकीय मंजूरी, वित्तीय संसाधनों तक बेहतर पहुंच, साझा बुनियादी ढांचे और उद्योग, शिक्षा जगत तथा सरकार के बीच मजबूत सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने बैठक में सामने आई सिफारिशों पर समयबद्ध कार्रवाई करने का भी आह्वान किया।

बैठक में बायोफार्मा स्टार्टअप के विकास के लिए नियामकीय प्रक्रियाओं को सरल बनाने, मंजूरी में तेजी लाने, प्रस्तावित रेगुलेटरी सैंडबॉक्स, सिंगल विंडो क्लीयरेंस, वैश्विक नियामकीय मानकों के अनुरूप व्यवस्था विकसित करने और पेटेंट आवेदन प्रक्रिया को आसान बनाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

केंद्रीय बजट 2026-27 में घोषित ‘बायोफार्मा शक्ति’ पहल के महत्व पर भी विचार किया गया। इसके साथ ही प्रयोगशालाओं, परीक्षण केंद्रों और क्लीनिकल ट्रायल सुविधाओं सहित साझा बुनियादी ढांचा विकसित करने की जरूरत बताई गई, ताकि स्टार्टअप की लागत कम हो और वे अपने नवाचारों को बड़े स्तर पर विकसित कर सकें।

नीति आयोग की विशिष्ट फेलो देबजानी घोष ने वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बायोइकोनॉमी विकसित करने के लिए स्टार्टअप, उद्योग, शिक्षा जगत और सरकार के बीच सहयोग को महत्वपूर्ण बताया। वहीं, नीति आयोग के सदस्य प्रोफेसर गोवर्धन दास ने अनुसंधान क्षमताओं को मजबूत करने और वैज्ञानिक खोजों को व्यावसायिक रूप से उपयोगी उत्पादों में बदलने पर जोर दिया।

बैठक में स्वदेशी जीवन विज्ञान विनिर्माण को मजबूत करने, प्रयोगशाला उपकरणों और रसायनों के सीमा शुल्क संबंधी क्लीयरेंस में तेजी लाने तथा सरकारी योजनाओं और नियामकीय सहायता तक पहुंच आसान बनाने के उपायों पर भी चर्चा हुई।

प्रतिभागियों ने क्षेत्र से जुड़ी चुनौतियों के तेजी से समाधान और नीतिगत कदमों में बेहतर तालमेल के लिए विभिन्न मंत्रालयों के बीच समन्वय मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

-(इनपुटः पीआईबी)